Betul Samachar: तिलक- कलेवा पर बवाल, अभाविप का एलएफएस में जमकर हंगामा
Betul News: Chaos over Tilak-Kaleva, ABVP creates ruckus in LFS

मामला कलेक्टर के पास पहुंचा, पुलिस की समझाइश भी बेअसर
Betul Samachar: बैतूल। शहर के प्रतिष्ठित लिटिल फ्लावर स्कूल में शुक्रवार को उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रबंधन पर छात्रों से तिलक और कलेवा उतरवाने का आरोप लगाया। इस मुद्दे पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए परिसर के भीतर ही हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, कुछ विद्यार्थियों ने अपने पालकों को बताया था कि स्कूल में उनसे धार्मिक प्रतीकों जैसे तिलक और कलेवा को हटाने के लिए कहा जा रहा है। इस बात की खबर मिलते ही एबीवीपी के छात्र नेता भारी संख्या में स्कूल पहुंचे और परिसर में हंगामा मचाना शुरू कर दिया। प्रबंधन द्वारा ऐसी किसी घटना से इनकार किया गया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने परिसर में ही हनुमान चालीसा का पाठ करना शुरू कर दिया।
इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि हंगामें के दौरान प्रबन्धन, पुलिस और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी तक कि नोबत आ गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समन्वय बनाने का काफी प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता कार्यवाही की मांग पर अड़े रहे।

कलेक्टर के पास पहुंचा स्कूल प्रबंधन
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रबंधन और एबीवीपी के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई। मामला बढ़ता देख पुलिस ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के बीच बहस जारी रही। बताया जा रहा है कि घटना को लेकर स्कूल प्रबंधन भी कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के पास पहुंच गए। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं के हंगामे को लेकर उन्होंने भी कार्यवाही की मांग करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि,कलेक्टर ने मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया है। इधर खबर लिखे जाने तक एबीवीपी के कार्यकर्ता स्कूल परिसर में ही मौजूद थे।
हालांकि इस मामले में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रशासन पर जहां धर्म विशेष से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया तो स्कूल प्रबंधन ने सभी आरोपों को निराधार बताते कहा कि स्कूल में सभी धर्मों का सम्मान किया जाता है। पुलिस ने भी दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है।




