Betul News: हेमंत के अध्यक्ष बनने के बाद टीम बबला फिर सक्रिय

Betul News: Team Babla active again after Hemant became president

प्रदेश अध्यक्ष की स्वागत रैली को ऐतिहासिक बनाने में झोंकी ताकत, तिकड़ी की भूमिका की हो रही सराहना

Betul News: बैतूल (सत्येंद्र सिंह परिहार)। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमन्त खण्डेलवाल के प्रथम नगर आगमन पर जिस भव्यता और गरिमा के साथ उनका स्वागत हुआ, वह न केवल ऐतिहासिक बन गया बल्कि संगठन की मजबूत जमीनी पकड़ और नेतृत्व क्षमता का भी प्रतीक बनकर सामने आया। स्वागत में जिस तरह भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला और उनके पूर्व सहयोगी ने कार्यक्रम का मैनेजमेंट का जिम्मा संभाला, इसकी सर्वत्र सराहना हो रही है। बबला की सक्रियता को लेकर मायने निकाले जाने लगे हैं कि भविष्य में उन्हें भाजपा बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है।

यह सर्वविदित है कि शांतचित्त, विनम्र स्वभाव और कर्मठता के प्रतीक हेमन्त खण्डेलवाल ने अपने राजनीतिक जीवन में कभी पद की लालसा नहीं रखी। जब-जब पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी, उन्होंने उसे शत-प्रतिशत समर्पण के साथ निभाया। यही कारण है कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश की कमान सौंपकर विश्वास की मुहर लगाई। इस अभूतपूर्व सम्मान के प्रतीकस्वरूप जब वे अपने गृह नगर पहुंचे तो उनका स्वागत भी उसी गरिमा और ऐतिहासिक स्वागत आयोजन को साकार रूप देने में तीन प्रमुख नेताओं पूर्व जिला अध्यक्ष बबला शुक्ला, गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा और कोठीबाजार मंडल अध्यक्ष विक्रम वैध की अहम भूमिका रही। यह तिकड़ी न केवल आयोजन की रीढ़ बनी, बल्कि पूरे कार्यक्रम को सुचारू और भव्य रूप देने में उनकी सक्रियता और संगठन कौशल स्पष्ट झलका।

पूर्व नियोजन बना सफलता की कुंजी

प्रदेश अध्यक्ष नियुक्ति के दो दिन बाद ही विजय न्यास कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के समस्त मंडल अध्यक्षों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक का नेतृत्व बबला शुक्ला ने किया और सभी से सुझाव आमंत्रित किए गए। कार्यकर्ताओं के जोश और समर्पण को देखते हुए कार्य विभाजन गंज और कोठीबाजार मंडलों के जिम्मेदार कार्यकर्ताओं के बीच किया गया।

संगठनात्मक दक्षता की पराकाष्ठा

हेमन्त खण्डेलवाल के काफिले ने जैसे ही सोनाघाटी नाके से नगर में प्रवेश किया, स्वागत की शुरुआत कोठीबाजार मंडल उपाध्यक्ष पवन शर्मा, बलबीर मालवीय, कपिल वर्मा, बंडू बलवंत धोटे, वरुण धोटे, गुड्डू शर्मा और रक्कू शर्मा की टीम ने संभाल ली। शिवाजी चौक से आगे की कमान भाजपा सह कोषाध्यक्ष दीपू सलूजा, महामंत्री अतीत पवार, आशीष पवार, प्रवीण वराठे, गीतेश बारस्कर समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने संभाली। पूरे पांच किलोमीटर लंबे मार्ग पर स्वागत द्वार, पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और नागरिकों के नारों की गूंज ने वातावरण को उत्सवमयी बना दिया।

हर मोर्चे पर तिकड़ी की छाप

इस भव्य आयोजन की सफलता में बबला शुक्ला, विकास मिश्रा और विक्रम वैध के समन्वित प्रयासों की भूमिका निर्विवाद है। कार्यकर्ताओं की टोलियों का संचालन, स्वागत स्थलों की सजावट, आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने जैसे तमाम दायित्वों को जिस दक्षता और समयबद्धता से निभाया गया, उसने भाजपा की सांगठनिक शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस तिकड़ी में दो भाजपा नेता पद पर है, लेकिन अब पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष बबला शुक्ला को किसी महत्वपूर्ण जवाबदारी मिलने से इंकार नहीं किया जा सकता है। राजनैतिक सूत्र बताते हैं कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के करीबी होने के कारण उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button