Betul Ki Khabar: मनचाही पोस्टिंग के लिए नेताओं के चक्कर काट रहे अधिकारी-कर्मचारी
Betul Ki Khabar: Officers and employees are running around politicians for desired posting

30 तारीख तक ट्रांसफर करने की अंतिम तिथि
Betul Ki Khabar: बैतूल। नई तबादला नीति के तहत अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बैतूल जिले से कई अधिकारी और कर्मचारी मनपसंद तबादला करने के लिए भोपाल तक नेताओं के पास दौड़ लगा रहे है। तबादलों को लेकर सत्ता संगठन स्तर पर भी खूब मंथन चल रहा है। जैसे ही तबादले की अंतिम तिथि नजदीक आ रही है वैसे ही अधिकारियों-कर्मचारियों की धड़कने भी बढ़ रही है। इस बार तबादले में जिले के विभिन्न विभागों में अधिकारी-कर्मचारियों के रूप में काफी कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है। जिले से तबादले के रूप में बड़ी सर्जरी हो सकती है। अधिकारी-कर्मचारी मनपसंद तबादला करने के लिए एडी चोटी का जोर लगा रहे है। कोई भी इस तबादले के मौके को छोड़ना नहीं चाहता है।
सत्ता संगठन से तैयार होगी लिस्ट
तबादले को लेकर सत्ता संगठन से अधिकारी-कर्मचारियों की तबादले को लेकर सूची तैयार की जाएगी। सूत्र बताते है कि तबादले को लेकर अपने-अपने क्षेत्र के संगठन से जुड़े पदाधिकारियों से अधिकारियों के संबंध में जानकारी मांगी जा रही है। सभी विभाग की जानकारी मिलने के बाद तैयारी सूची को प्रभारी मंत्री को सौंपा जाएगा। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों भोपाल में कोर कमेटी की बैठक हुई थी, जिसमें भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि सम्मिलित हुए थे। जिसमें निर्णय हुआ कि स्थानांतरण के लिए कार्यकर्ताओं से जो नाम आएंगे, उसकी सूची प्रभारी मंत्री को दी जाएगी। इसके बाद ट्रांसफर को लेकर फैसला होगा। जिले में खाली पड़ें अधिकारियों के पदों को भरने के लिए प्रभारी मंत्री के समक्ष बात रखी जाएगी। तबादले तभी होगे जब जिले के प्रभारी मंत्री अपनी सहमति देंगे।
भ्रष्ट और लापरवाह अधिकारियों की होगी रवानगी
जिले में ऐसे कई विभाग है जहां लंबें समय से अधिकारी व कर्मचारी अंगद की तरह पैर बनाकर जमे है, जिन अधिकारियों की अक्सर शिकायते और लापरवाही मिली है ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों की जिले से रवानगी तय मानी जा रही है। बैतूल से भी कई बड़े अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण होने की संभावना है। सूत्र बताते है कि कई विभाग ऐसे है जहां अधिकारियों के कामकाज से जिले के जनप्रतिनिधि संतुष्ठ नहीं है। स्थानांतरण को लेकर जनप्रतिनिधियों के बीच भी अंदर ही अंदर मंथन चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग, पीडब्ल्यूडी, पीएचई विभाग, जल संसाधन विभाग, आरईएस विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग, नगर पालिका, पुलिस विभाग, महिला बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों में तबादला होगा।
अंतिम तिथि तक करना होगा आवेदन
नई तबादला नीति के तहत तबादले के लिए अंतिम तिथि तय की गई है। अधिकारी व कर्मचारी मनपसंद तबादले के लिए 30 मई तक आवेदन कर सकते है। इसके बाद किसी के आवेदन पर अमल नहीं किया जाएगा। अंतिम तिथि नजदीक आने के लिए कुछ ही दिन शेष रह गये है। अधिकारी व कर्मचारी ऑनलाईन आवेदन करने के साथ-साथ मनपसंद तबादला भी चाहते है, जिसको लेकर ऐड़ी चोटी का जोर लगा रहे है।




