Betul Ki Khabar: बैक डेट में दी जा रही रिसीविंग, सप्लाई डेट खत्म होने के बाद पहुंच रही अलमारियां
Betul Ki Khabar: Receipt being given on back date, shelves arriving after the supply date is over

सीएम राइज स्कूल बैतूल बाजार में नियमों की अनदेखी, 106 में से सिर्फ 48 अलमारियां पहुंचीं
Betul Ki Khabar: बैतूल। सीएम राइज स्कूल बैतूल बाजार में भोपाल स्तर पर खरीदी गई अलमारियों की सप्लाई में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। निर्धारित समयसीमा समाप्त हो जाने के बाद भी सप्लाई की जा रही है, और प्रबंधन द्वारा फर्म को बैक डेट में रिसीविंग पावती दी जा रही है, जो स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है।
समयसीमा समाप्त, फिर भी जारी है सप्लाई
जानकारी के अनुसार, स्कूल में रिकॉर्ड आदि के रखरखाव हेतु कुल 106 अलमारियों का ऑर्डर गोविंदपुरा, भोपाल की एक फर्म को दिया गया था। अनुबंध के अनुसार इनकी आपूर्ति 12 अप्रैल 2025 तक पूरी की जानी थी। लेकिन निर्धारित समयसीमा बीत जाने के 15 दिन बाद, पहली खेप में 24 अलमारियां दो दिन पहले पहुंचाई गईं और दूसरी खेप 1 मई को प्राप्त हुई। अब तक केवल 48 अलमारियां ही स्कूल पहुंचाई जा सकी हैं, यानी अभी भी 58 अलमारियां आना बाकी हैं।
बैक डेट की रिसीविंग, मौखिक सूचना का सहारा
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि प्रबंधन द्वारा फर्म को अलमारियों की प्राप्ति की रसीदें बैक डेट में दी जा रही हैं। जिससे यह संदेह गहराता है कि कहीं न कहीं फर्म को अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जब इस संबंध में प्राचार्य साधना हैंड से चर्चा की गई, तो उन्होंने बताया कि सप्लाई में देरी की मौखिक सूचना फर्म द्वारा पहले ही दी गई थी, लेकिन इसकी जानकारी उन्होंने अपने उच्च अधिकारियों को लिखित में नहीं दी। उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि बैक डेट की रिसीविंग किस अधिकारी की अनुमति से दी जा रही है।
लिखित प्रक्रिया की अनदेखी
सरकारी कार्यप्रणाली में सभी गतिविधियाँ दस्तावेजी प्रमाण और लिखित पत्राचार के आधार पर की जाती हैं। लेकिन इस पूरे प्रकरण में केवल मौखिक सूचनाओं के आधार पर कार्य किया गया, जिससे प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल उठते हैं। यदि सप्लाई समय पर नहीं हुई थी, तो फर्म को विलंब की सूचना का विधिवत उल्लेख होना चाहिए था और रिसीविंग उसी दिनांक की दी जानी चाहिए जिस दिन वस्तु की वास्तविक आपूर्ति हुई हो।
इनका कहना….
अलमारियों की सप्लाई में विलंब होने की जानकारी फर्म ने दी थी। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को नहीं दी गई है। अब इस विषय में वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन लिया जाएगा।”
साधना हैंड, प्राचार्य, सीएम राइज स्कूल बैतूल बाजार




