Swachh Bharat Mission: स्वच्छ भारत मिशन में फर्जीवाड़ा: ब्लाक समन्वयक, कम्प्यूटर ऑपरेटर समेत कई फर्मों पर एफआईआर
Swachh Bharat Mission: Fraud in Swachh Bharat Mission: FIR against several firms including block coordinator, computer operator

कलेक्टर-जिपं सीईओ के मंगलवार चिचोली और भीमपुर में देर शाम निरीक्षण करने के बाद तय हो गई थी कार्रवाई
Swachh Bharat Mission: बैतूल। स्स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत जिले के भीमपुर एवं चिचोली ब्लॉक में चल रही भारी आर्थिक अनियमित्ता को कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षत जैन की सजगता से पकड़ा गया हैं। इसकी पटकथा 18 मार्च की देर शाम को ही लिखी जा चुकी थी। खबर है कि कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन ने शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक चिचोली और भीमपुर जनपद पंचायत में कई फाइलों को खंगाला था। उसी समय मिशन में बड़ी लापरवाही सामने आने की जानकारी मिली थी। वापस लौटने के बाद कलेक्टर और सीईओ के तेवर काफी तीखे थे। अवकाश होने के बावजूद उन्होंने करोड़ों के घोटाले के मास्टर माइंड राजेंद्र सिंह परिहार समेत आपरेटर और अन्य फर्मों पर एफआईआर करने के निर्देश दिए थे। चिचोली पुलिस ने मामले में गुरुवार एफआईआर भी कर ली है।
बताया जाता है कि मंगलवार को कलेक्टर एवं सीईओ ने जिले के ब्लॉक भीमपुर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों का निरीक्षण किया। इसमें स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत 13 करोड़ से अधिक राशि की आर्थिक अनियमितता सामने आई। अधिकारियों ने निरीक्षण में पाया कि पीएमएफएस पोर्टल पर राजेंद्र परिहार जो कि ब्लॉक कोऑर्डिनेटर स्वच्छ भारत मिशन भी हैं। इनके द्वारा स्वयं के नाम से वेंडर एवं अन्य वेंडर बनाए, जिनके द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के कार्य नहीं किए गए हैं, उनको गलत तरीके से भुगतान किया गया हैं। आरोपी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन में स्वयं डिमांड जनरेट कर सह आरोपियों की मदद से भुगतान किया जा रहा था। चिचोली एवं भीमपुर ब्लॉक के कंप्यूटर ऑपरेटर, जिन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत के डिजिटल सिग्नेचर संभालने के लिए अधिकृत किया गया था, अनियमित्ता में उनकी भूमिका भी पाई गई।
आर्थिक अनियमितता पाए जाने पर कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को पूरे प्रकरण की जांच कर तत्काल प्रतिवेदन देने के निर्देश दिए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी से प्राप्त प्रतिवेदन की विस्तृत जांच के लिए कलेक्टर ने तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है, जिसमें जिला कोषालय अधिकारी, सहायक लेखा अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी ने प्रकरण की जांच की।
आरोपी की संपति कुर्क कर होगी वसूली
कलेक्टर एवं सीईओ के सतर्कता से स्वच्छ भारत मिशन में हो रही आर्थिक अनियमित्ता पर अंकुश लगेगा। वहीं राजेंद्र परिहार सहित अन्य सह आरोपियों की संपत्ति कुर्क कर राशि वसूली जाएगी। कलेक्टर ने जिले में स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य शासन की समस्त विकास योजनाओं की बारीकी से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं, ताकि शासन को किसी भी प्रकार से आर्थिक क्षति न हो।
ब्लॉक समन्वयक सहित कई फर्मों पर भी मामला दर्ज
इस मामले में चिचोली पुलिस ने ब्लॉक समन्वयक राजेन्द्र परिहार समेत कई फर्मों पर मामला दर्ज किया है। इनके अलावा दो फर्मों को भी आरोपी बनाया गया है। जिला पंचायत की योजना अधिकारी इंद्रा महेतो की रिपोर्ट पर राजेन्द्र परिहार समित जनपद पंचायत भीमपुर के ऑपरेटर सुरकेश कहार, भीमपुर के ऑपरेटर सुमित सोनी, बीरबल रावत, आशीष कंस्ट्रक्शन चिचोली, जमदू अहाके चिचोली, मेक ऑटो इंडिया नई दिल्ली, मकीना एसोसिएट इंदौर, सपना इवने चिचोली, शिबलू इवने, शॉपिंग भंडार इंदौर और सोनू सिवनकर चिचोली पर 13 करोड़ 21 लाख की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
इनका कहना….
मामले की जांच के बाद राजेन्द्र परिहार समेत फर्मों पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे है।
निश्चल एन झारिया
पुलिस अधीक्षक, बैतूल




