Betul Diwali Root Plan : तीन दिनों तक दीपावली पर शहर के पांच प्रमुख क्षेत्र नो व्हीकल जोन

बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक, तीन स्थानों पर बनाई पार्किंग व्यवस्था, पुलिस ने बनाया प्लान

Betul Diwali Root Plan :  बैतूल। धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और बाजारों में भीड़भाड़ के बीच आम नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है।

एसपी अमित सक्सेना ने नई पदस्थापना के बाद अधिकारियों से जानकारी लेकर निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत शहर के पांच प्रमुख क्षेत्रों को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, पर्व के दौरान शहर में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।

यातायात पुलिस थाना बैतूल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार कोठी बाजार, लल्ली चौक, सीमेंट रोड, गंज का तांगा स्टैंड एवं बाबू चौक को नो व्हीकल जोन बनाया गया है। इन क्षेत्रों में दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचने वाले नागरिकों को पैदल ही आवागमन करना होगा, ताकि भीड़ के बीच जाम की स्थिति निर्मित न हो और व्यापारिक क्षेत्रों में यातायात व्यवस्थित बना रहे।

तीन स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

वाहन चालकों की सुविधा के लिए शहर में तीन स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसमें न्यू बैतूल ग्राउंड, लल्ली चौक के पास कलेक्ट्रेट रोड तथा रेलवे स्टेशन क्षेत्र को पार्किंग स्थल बनाया गया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और बाजार में प्रवेश करें।

यातायात पुलिस ने मांगा नागरिकों का सहयोग

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और जारी निर्देशों का पालन करें। पुलिस का उद्देश्य बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था में आवश्यकता के अनुसार संशोधन अथवा अतिरिक्त निर्देश भी जारी किए जा सकते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दीपावली पर्व पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button