Betul Samachar: सहकारी समिति के गोदाम पर धावा: 705 बोरी खाद चोरी, प्रशासन में हड़कंप

ताला तोड़कर यूरिया, पोटाश और जिंक फास्फेट की बोरियां ले उड़े चोर, कलेक्टर ने लिया तत्काल संज्ञान

Betul Samachar: बैतूल। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम उड़दन स्थित सहकारी समिति के गोदाम में हुई बड़ी चोरी की घटना ने प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया है। बीती रात अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर किसानों के लिए रखी गई करीब 705 बोरी खाद चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने तत्काल कलेक्टर सौरभ संजय सोनवणे को अवगत कराया, जिसके बाद पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार समिति प्रबंधक जब सुबह गोदाम पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा गया तो बड़ी मात्रा में खाद गायब थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोर 668 बोरी यूरिया, 32 बोरी पोटाश और 5 बोरी जिंक फास्फेट सहित कुल 705 बोरियां लेकर फरार हो गए। इतनी बड़ी मात्रा में खाद की चोरी सामने आने के बाद विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों के होश उड़ गए।

ट्रक से ले जाई गई खाद, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में खाद की चोरी बिना किसी वाहन के संभव नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि चोर ट्रक या बड़े मालवाहक वाहन के माध्यम से खाद की बोरियां भरकर ले गए। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि रात के समय ट्रक गोदाम तक कैसे पहुंचा और सैकड़ों बोरियां लादकर निकल गया, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। घटना ने गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

चौकीदार नहीं, निगरानी के इंतजाम भी नदारद

किसानों को वितरण के लिए रखे गए खाद के विशाल भंडारण के बावजूद गोदाम में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात सामने आ रही है। स्थानीय स्तर पर समिति प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब गोदाम में इतनी बड़ी मात्रा में खाद रखी गई थी, तब चौकीदार या अन्य सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की गई।

कलेक्टर के निर्देश पर पुलिस जांच तेज

खाद संकट के बीच हुई इस बड़ी चोरी को प्रशासन बेहद गंभीरता से ले रहा है। उप पंजीयक सहकारी समितियां केके शिव ने बताया कि घटना की सूचना कलेक्टर को दे दी गई है और कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा चोरी में शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।

इनका कहना…..

 सहकारी समिति के गोदाम से लगभग 700 बोरी खाद चोरी हुई है। कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।  

केके शिव, उपपंजीयक सहकारी समितियां, जिला बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button