Betul Samachar: 10 दिन बीते, जांच दल तक गठित नहीं कर पाए सीसीएफ

नगर वन निर्माण में अफसरों की चुप्पी सवालों के घेरे में, बैतूल और मरामझिरी के प्रोजेक्ट पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप
Betul Samachar: बैतूल। उत्तर वन मंडल की बैतूल रेंज में करीब 1 करोड़ 84 लाख की लागत से निर्माणाधीन नगर वन का मामला अब वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। निर्माण में कथित वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत मुख्य वन संरक्षक मधु वी. राजू के संज्ञान में लाए जाने के 10 दिन बाद भी जांच दल का गठन नहीं हो सका है।
न निर्माण कार्य से जुड़े वनकर्मियों से जवाब-तलब किया गया और न ही मौके पर निर्माण की स्थिति का परीक्षण कराया गया। ऐसे में विभागीय जांच के भरोसे पर सवाल उठने लगे हैं।
मामले को लेकर मुख्य वन संरक्षक ने वस्तुस्थिति जानने के बाद जांच कराने का भरोसा दिया था, लेकिन दस दिन गुजरने के बावजूद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। इस देरी ने पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया है। सवाल यह है कि जब निर्माण कार्य में अनियमितताओं के आरोप सामने आ चुके हैं, तो जांच शुरू करने में आखिर किस बात की देरी हो रही है?
निर्माण से पहले ही राशि आहरित करने का आरोप
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नगर वन निर्माण में इस्तेमाल होने वाली राशि कथित तौर पर निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही आहरित कर ली गई। यदि यह जानकारी सही है, तो निर्माण की वित्तीय प्रक्रिया और भुगतान व्यवस्था की जांच जरूरी हो जाती है। निर्माण के प्राक्कलन, कार्यादेश, माप पुस्तिका और भुगतान से संबंधित अभिलेखों की जांच से वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
बैतूल रेंज से सूचना के अधिकार के तहत निर्माण से जुड़े प्राक्कलन और प्रमाणकों के संधारित रजिस्टर की प्रमाणित प्रतियां प्राप्त कर उनका मिलान कराया जाए, तो भुगतान और मौके पर हुए काम की स्थिति सामने आ सकती है।
मरामझिरी नगर वन में भी अनियमितताओं की चर्चा
इसी तर्ज पर बैतूल रेंज के मरामझिरी क्षेत्र में भी करीब 2 करोड़ 24 लाख की लागत से नगर वन निर्माण कराए जाने की जानकारी सामने आई है। इस परियोजना में भी कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मौके पर निर्माण कार्य अपेक्षित रूप से दिखाई नहीं दे रहा, जबकि कागजों में काम आगे बढ़ाए जाने की चर्चा है।
इस परियोजना में रेंजर और एक डिप्टी रेंजर की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र जांच और आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
बिना निरीक्षण भुगतान पर हस्ताक्षर कैसे?
यदि मौके पर निर्माण कार्य पर्याप्त नहीं हुआ है, तो लाखों के भुगतान प्रमाणकों पर हस्ताक्षर किस आधार पर किए गए? क्या वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया था? क्या माप पुस्तिका में दर्ज कार्य और वास्तविक निर्माण का मिलान किया गया?
इन सवालों का जवाब विभागीय जांच से ही सामने आ सकता है। नगर वन निर्माण में कथित अनियमितताओं का मामला अब विधानसभा सत्र में भी उठाए जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि इन परियोजनाओं को वन मंत्री दिलीप अहिरवार की रुचि से जुड़ा बताया जा रहा है। ऐसे में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है की वे होने वाली किरकिरी से अपना बचाव कर सकें।
अब देखना यह है कि वन विभाग जांच दल गठित कर आरोपों की निष्पक्ष जांच कराता है या फिर नगर वन निर्माण से जुड़े सवालों पर अफसरों की चुप्पी यूं ही बनी रहती है। जांच दल अभी तक गठित क्यों नहीं किया गया यह सवाल पूछने के लिए सीसीएफ मधु वी राजू के सरकारी मोबाइल नम्बर 9424790300 पर सम्पर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नही किया ।




