Betul Mandi News: मारपीट के बाद कृषि मंडी में मचा बवाल दोपहर ढाई बजे तक ठप रही नीलामी

मुनीम के साथ ट्रक ड्राइवर और साथियों ने की जमकर मारपीट, विरोध में व्यापारियों ने बंद किया नीलामी कार्य
Betul Mandi News: बैतूल। कृषि उपज मंडी बैतूल में मुनीम के साथ मारपीट की घटना के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। घटना से नाराज व्यापारियों ने मंडी में नीलामी कार्य बंद कर दिया। इसके चलते उपज बेचने पहुंचे किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
मंडी परिसर में बड़ी संख्या में किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉली और उपज से भरे वाहन खड़े रहे, लेकिन नीलामी शुरू नहीं हो सकी। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने पर एसडीएम अभिजीत सिंह, कोतवाली और बैतूलबाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम ने व्यापारियों और मंडी अधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और समझाइश दी।
इसके बाद व्यापारी नीलामी शुरू करने के लिए राजी हुए। शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे नीलामी कार्य शुरू हो सका। वहीं, मुनीम की शिकायत पर पुलिस ने ट्रक ड्राइवर सलीम और उसके साथियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है।

ट्रक हटाने की बात पर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात कृषि उपज मंडी में व्यापारियों द्वारा खरीदी गई उपज का उठाव किया जा रहा था। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने मंडी परिसर में बीच रास्ते में अपना ट्रक खड़ा कर दिया। इससे आवागमन में परेशानी होने लगी।
एक व्यापारी के मुनीम संतोष यादव ने ट्रक चालक से वाहन हटाने के लिए कहा, लेकिन चालक ने ट्रक नहीं हटाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ट्रक चालक सलीम ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद ट्रक चालक और उसके साथियों ने मुनीम संतोष यादव के साथ मारपीट कर दी।
मारपीट में संतोष यादव के कंधे पर चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मंडी परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने ट्रक चालक और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
व्यापारियों ने बंद कर दिया नीलामी कार्य
गुरुवार रात हुई मारपीट की घटना के विरोध में शुक्रवार सुबह व्यापारियों ने मंडी में नीलामी कार्य करने से इनकार कर दिया। देखते ही देखते मंडी में कारोबार ठप हो गया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे थे। मंडी परिसर में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लगी थीं और लगभग पूरा परिसर उपज से भरा हुआ था।
ऐसे में नीलामी बंद होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई। किसान अपनी उपज लेकर नीलामी शुरू होने का इंतजार करते रहे। व्यापारियों के विरोध और मंडी में बिगड़ती व्यवस्था की सूचना प्रशासन तक पहुंची।
इसके बाद एसडीएम अभिजीत सिंह के साथ कोतवाली और बैतूलबाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों से चर्चा कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास किया।
एसडीएम की समझाइश के बाद माने व्यापारी
मंडी में एसडीएम अभिजीत सिंह ने व्यापारियों और मंडी अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्याएं रखीं और मंडी परिसर में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। एसडीएम ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
काफी देर तक चली चर्चा और समझाइश के बाद व्यापारी नीलामी शुरू करने के लिए सहमत हुए। इसके बाद शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे मंडी में नीलामी कार्य दोबारा शुरू हुआ। नीलामी शुरू होने के बाद उपज लेकर पहुंचे किसानों ने राहत की सांस ली। हालांकि सुबह से दोपहर तक नीलामी बंद रहने के कारण किसानों को काफी समय तक इंतजार करना पड़ा।
उपज का उठाव नहीं होने से बिगड़ रही व्यवस्था
कृषि उपज मंडी में लगातार बढ़ रही उपज की आवक के बीच व्यवस्थाओं पर भी दबाव बढ़ रहा है। मंडी में बड़ी मात्रा में उपज आने और व्यापारियों द्वारा खरीदी गई उपज के बोरों का समय पर उठाव नहीं होने से परिसर में जगह की कमी हो जाती है। इसके कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
गुरुवार रात ट्रक खड़ा करने को लेकर हुआ विवाद भी इसी तरह की अव्यवस्था के बीच सामने आया। एसडीएम ने इस समस्या को लेकर भी व्यापारियों और मंडी अधिकारियों से चर्चा की। मंडी में आवागमन सुचारु रखने और व्यापारियों को परेशानी से बचाने के लिए बेहतर व्यवस्था बनाने पर जोर दिया गया।
खुले ट्रैक्टर-ट्रॉली में उपज लाने और नीलामी प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के विकल्प पर भी विचार किया गया। एसडीएम ने कहा कि मंडी में व्यापारियों और किसानों दोनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं में सुधार करने का प्रयास किया जाएगा।
इनका कहना
मंडी में मारपीट की घटना के बाद व्यापारियों ने नीलामी कार्य बंद कर दिया था। मौके पर जाकर व्यापारियों और मंडी प्रशासन के अधिकारियों को समझाईश दी गई। ढाई बजे मंडी में नीलामी शुरू कर दी थी। मंडी में हो रही समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
अभिजीत सिंह, एसडीएम, बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




