Betul Accident News: कोथलकुण्ड के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो किसानों की मौत; दो गंभीर घायल

Betul Accident News: कोठलकुण्ड। बैतूल-परतवाड़ा मार्ग पर कोथलकुण्ड के झिरी गांव के पास गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो किसानों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुदगांव निवासी मारोती धोटे (42) पिता गोविंदराव धोटे, सुखदेव डोंगरे (58) पिता घागु डोंगरे, मोनू लोखंडे (30) पिता जयराम लोखंडे और पवन डोंगरे (23) पिता सुखदेव डोंगरे कृषि उपज बेचने महाराष्ट्र के परतवाड़ा मंडी गए थे। गुरुवार रात करीब 10 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौटते समय कोथलकुण्ड के पास झिरी गांव के समीप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। ट्रॉली में लोहे के सरिए भी लदे हुए थे।
हादसे में मारोती धोटे और सुखदेव डोंगरे ट्रॉली के नीचे दब गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोनू लोखंडे और पवन डोंगरे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही भैंसदेही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

दो किसानों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गुदगांव गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने से हादसा होना सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




