Safai Abhiyan: सफाई अभियान की आड़ में जंगल पर चल रही कुल्हाड़ी! इमलीडोह-पीपलढाना में पेड़ों की कटाई से मचा हड़कंप

वन विभाग के जिम्मेदारों की मिलीभगत का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
Safai Abhiyan: बैतूल। जिले के जंगलों में वन संपदा की सुरक्षा को लेकर वन विभाग के दावों के बीच ग्राम पंचायत नान्दा के वनग्राम इमलीडोह और पीपलढाणा क्षेत्र से पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यहां जंगल के एक हिस्से में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई किए जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में वन विभाग के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि जंगल में सफाई अभियान के नाम पर हरे-भरे पेड़ों और पौधों को काटा जा रहा है। जिस तरह से जंगल के एक हिस्से को साफ किया गया है, उसे लेकर अब यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर यह कटाई किसके आदेश पर और किस उद्देश्य से की जा रही है?
ग्रामीणों के अनुसार, जंगल की सफाई के नाम पर वन संपदा को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इस संबंध में सामने आए वीडियो में भी जंगल के एक हिस्से में बड़े पैमाने पर कटाई और सफाई जैसी स्थिति दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग के कुछ अधिकारी मोटी रकम लेकर जंगल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जबकि आम ग्रामीणों को छोटी-छोटी बातों पर परेशान किया जाता है। यदि आरोपों में सच्चाई है तो यह वन संरक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला है।
जांच हुई तो खुल सकती है कई परतें
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन मंडलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मौके का निरीक्षण कर काटे गए पेड़ों की संख्या, प्रजाति, कटाई की अनुमति और सफाई अभियान के आदेशों की जांच की जानी चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि जंगल में पेड़ों की कटाई नियमों के तहत हुई है या इसके पीछे कोई अवैध गतिविधि संचालित हो रही है।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों के इन गंभीर आरोपों पर वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी क्या रुख अपनाते हैं और जांच के नाम पर महज औपचारिकता होती है या वास्तव में जंगल की कटाई के जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाती है।




