Betul News: 15 समाजों के मंगल भवनों पर खर्च होंगे 3 करोड़, शहर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

48 करोड़ की विकास परियोजनाओं की डीपीआर तैयार करने के निर्देश, 2 करोड़ से बनेगा नया नगर पालिका भवन

Betul News: बैतूल। शहर के विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए नगर पालिका में आयोजित समीक्षा बैठक में विकास का बड़ा खाका तैयार किया गया। बैठक में 15 समाजों के लिए मंगल भवन निर्माण पर 3 करोड़ खर्च करने से लेकर गार्डनों के सौंदर्यीकरण, विद्युतीकरण, सड़क चौड़ीकरण, स्टेडियम और पेयजल जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

मंगलवार सीएमओ नवनीत पांडेय ने बैठक में अधिकारियों और इंजीनियरों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं होगी और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

विधायक की अनुशंसा पर 15 समाजों के मंगल भवन निर्माण के लिए 3 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इनके लिए भूमि चिह्नांकन और समाजों से समन्वय कर प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया। वहीं शहर के गार्डनों के विकास पर 1 करोड़ और विद्युत व्यवस्था सुधारने पर 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दोनों कार्यों का एस्टीमेट तीन दिन में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

कॉलेज चौक से गंज मंडी तक विकास कार्यों की रफ्तार पर जोर

कॉलेज चौक चौड़ीकरण का एक तरफ का काम अगले दो दिनों में पूरा होने की संभावना जताई गई। इसके बाद सागौन बाबा की ओर काम शुरू होगा। चौक पर आकर्षक रोटरी और हाईमास्ट लाइट भी प्रस्तावित है। गंज मंडी की 61 दुकानों के निर्माण में तेजी लाने तथा एफ ब्लॉक की दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। लल्ली चौक पर कैमरों की शिफ्टिंग में देरी पर भी नाराजगी जताई गई।

कारगिल चौक के ठेकेदार पर कार्रवाई की चेतावनी

दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन नगर पालिका भवन का निर्माण इसी सप्ताह शुरू कराने के निर्देश दिए गए। फिश पार्लर का निर्माण एक माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कमानी गेट और अंबेडकर चौराहे के सौंदर्यीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं कारगिल चौक मरम्मत में लापरवाही पर ठेकेदार को अंतिम नोटिस जारी करने और इसी सप्ताह टेंडर निरस्त करने की चेतावनी दी गई।

48 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगी शहर की तस्वीर

वाटर सप्लाई, इंडोर स्टेडियम, क्रिकेट स्टेडियम और गीता भवन सहित करीब 48 करोड़ की प्रस्तावित परियोजनाओं की डीपीआर जल्द तैयार कराने के निर्देश दिए गए। धुनी वाले दादाजी स्थल के विकास के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। खंजनपुर और चुप्पड़ क्षेत्र में बैडमिंटन ग्राउंड के लिए भी सर्वे कराया जाएगा।

400 ट्यूबलर पोल से रोशन होंगे शहर के मार्ग

चक्कर रोड और इटारसी रोड सहित प्रमुख मार्गों पर रोशनी बढ़ाने के लिए करीब 400 ट्यूबलर पोल लगाए जाएंगे। शहर की स्वच्छता व्यवस्था में भी बदलाव करते हुए सभी वार्डों में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग लेने का निर्णय लिया गया है।

सात दिन तक नागरिकों को जागरूक किया जाएगा, इसके बाद आगामी एक तारीख से मिश्रित कचरा स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में स्टेडियम की दुकानों के विवाद, ऑडिटोरियम और ओपन स्टेडियम की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को दो टूक कहा गया कि विकास कार्यों में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button