Betul Congress News: कांग्रेस भवन निर्माण के लिए चला बुलडोजर, चकनाचूर हुआ लाखों का सरकारी शौचालय

पेविंग ब्लॉक भी उखाड़े गए, सरकारी संपत्ति को नुकसान पर कार्रवाई नहीं होने से उठे सवाल
Betul Congress News: बैतूल। शहर के लल्ली चौक पर निर्माणाधीन कांग्रेस भवन को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। आरोप है कि भवन निर्माण के लिए जगह खाली कराने के दौरान नगर पालिका द्वारा स्थापित लाखों रुपए मूल्य के फाइबर शौचालय को जेसीबी मशीन से बेरहमी से तोड़ दिया गया। इतना ही नहीं, आसपास लगाए गए पेविंग ब्लॉक भी उखाड़ दिए गए। पूरी कार्रवाई के वीडियो बनाए गए और बाद में सोशल मीडिया पर भी साझा किए, इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि यदि शौचालय कांग्रेस भवन की प्रस्तावित जमीन पर रखा गया था तो उसे हटाने के लिए वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी। कांग्रेस पदाधिकारी नगर पालिका को पत्र लिखकर शौचालय हटाने का अनुरोध कर सकते थे। नगर पालिका स्वयं शौचालय को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर सकती थी और पेविंग ब्लॉक भी बिना नुकसान पहुंचाए हटाए जा सकते थे, लेकिन जेसीबी से तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं माना जा सकता।
व्यापारियों ने जताई नाराजगी
व्यापारियों का कहना है कि यह शौचालय क्षेत्र में व्यापार करने वाले लोगों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए लगाया गया था। इसकी खरीद पर खर्च की गई राशि जनता से वसूले गए करों से आई थी। ऐसे में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना सीधे तौर पर जनहित के खिलाफ है। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल नगर पालिका की भूमिका को लेकर उठ रहा है।
खुलेआम सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने और उसके वीडियो सार्वजनिक होने के बावजूद अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे लोगों में नाराजगी है और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले में नपा से हस्तक्षेप की मांग
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि किसी आम व्यक्ति द्वारा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जाता तो तत्काल कार्रवाई होती, लेकिन इस मामले में चुप्पी कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रही है। मामले में नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडे से उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में पूरे प्रकरण पर नगर पालिका का पक्ष सामने नहीं आ सका है।
इनका कहना…..
पेविंग ब्लाक कांग्रेस की जमीन पर बने थे। सूचना पर नपा की जेसीबी ने पेविंग ब्लाक व्यवस्थित करवा लिए। शौचालय आम जनता के लिए बना था। अब नई जगह तलाश कर इसे बनाने का प्रयास किया जाएगा।
नगेंद्र वागद्रे, उपयंत्री नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




