Betul Samachar: 15 करोड़ के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, कल हेमंत करेंगे भूमिपूजन

21 नवंबर को गंज थाने के नए भवन और आजीविका प्लाजा का लोकार्पण भी होगा
Betul Samachar: बैतूल। बैतूल शहर के विकास को नई गति देने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात देने जा रहे हैं। 20 नवंबर को शहर के विभिन्न वार्डों में करीब 15 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। वहीं 21 नवंबर को गंज थाने के नवनिर्मित भवन और कोठी बाजार बस स्टैंड स्थित आजीविका प्लाजा का लोकार्पण होगा। इन कार्यक्रमों के जरिए शहर में बुनियादी सुविधाओं, सड़क, नगरीय अधोसंरचना और रोजगार से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी।
20 नवंबर को शहर के वार्डों में विकास कार्यों का भूमिपूजन
सीएमओ नवनीत पांडेय ने बताया कि,विकास कार्यों की शुरुआत शहर के अलग-अलग वार्डों से होगी। इसके तहत मोती वार्ड में राय साहब का बगीचा हनुमान मंदिर के पीछे, खंजनपुर में सिल्वर लॉन नागदेव मंदिर के बगल में, टिकारी में मेघनाथ चौक के पास, सदर के पटेल वार्ड में कुन्बी समाज मंगल भवन, जवाहर वार्ड में राजा पांडे के घर के पास और विवेकानंद वार्ड स्थित बीआरसी क्लब में भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा तिलक, आजाद, आर्यपुरा, मोती, किदवई और गौठाना वार्डों में स्वीकृत कार्यों का भूमिपूजन होगा। इसी तरह सुभाष, अर्जुन, दुर्गा, मालवीय, शिवाजी और गांधी वार्ड, कृष्णपुरा, देशबंधु, अंबेडकर, महावीर, प्रताप और इंदिरा वार्ड में भी विकास कार्यों की शुरुआत की जाएगी।
भगत सिंह, चंद्रशेखर, शास्त्री और पटेल वार्ड, जाकिर हुसैन और जयप्रकाश वार्ड के साथ ही विकास, शंकर, विवेकानंद, लोहिया, विनोबा और राजेंद्र वार्ड में भी विभिन्न स्वीकृत विकास कार्यों का भूमिपूजन प्रस्तावित है।
ताप्ती संरक्षण रिजर्व में विकसित होंगी पर्यटन सुविधाएं
21 नवंबर को सुबह 7.30 बजे फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ एकत्र होकर हेमंत खण्डेलवाल ताप्ती कर्वजेशन, महुपानी का भ्रमण करेंगे। इस दौरान दक्षिण बैतूल वन मंडल के अंतर्गत ताप्ती संरक्षण रिजर्व में 428.50 लाख रुपए की लागत से पर्यटन एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके तहत प्रवेश द्वार, हट, टिकट काउंटर, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण किया जाना है। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कृषि मंडी से तितली चौराहे तक बनेगी सड़क
शहर के यातायात और आवागमन को बेहतर बनाने के लिहाज से कृषि मंडी से एनएच-47 स्थित तितली चौराहे तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य पर 691.53 लाख रुपए खर्च होंगे। सड़क निर्माण से मंडी क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
आजीविका प्लाजा और गंज थाने की मिलेगी सौगात
कोठी बाजार बस स्टैंड क्षेत्र में 415.62 लाख रुपए की लागत से निर्मित आजीविका प्लाजा का लोकार्पण किया जाएगा। इससे स्थानीय स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों को बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। वहीं 180.73 लाख रुपए की लागत से निर्मित गंज थाने के नए भवन का भी लोकार्पण किया जाएगा। नए भवन से पुलिस विभाग को बेहतर कार्यस्थल और नागरिकों को सुविधाजनक पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
दो करोड़ से बनेगा नगर पालिका का नया भवन
नगर पालिका की प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दो करोड़ रुपए की लागत से नए कार्यालय भवन का निर्माण किया जाएगा। 21 नवंबर को इस कार्य का भूमिपूजन होगा। नए भवन से नगर पालिका के कामकाज और नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं के लिए बेहतर अधोसंरचना तैयार होगी।
दो दिनों के इन कार्यक्रमों में शहर के अनेक वार्डों से लेकर पर्यटन, सड़क, पुलिस और नगरीय प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत और लोकार्पण होगा। अब इन परियोजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर शहरवासियों की निगाहें रहेंगी।
क्रिकेट स्टेडियम का भूमिपूजन प्लानिंग के तहत टला
इधर जिला मुख्यालय पर करोड़ों के कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण की सूची से पुराने ट्रेचिंग ्र्र्रग्राउंड गौठाना में स्टेडियम का भूमिपूजन टल गया है। इसके पीछे बड़ी प्लानिंग सामने आई है। बताया जाता है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल क्रिकेट स्टेडियम के लिए भूमिपूजन खेल मंत्री से करवाने से इच्छुक है, ताकि उनकी मौजूदगी में स्टेडियम के लिए और अधिक राशि मिल सके। यदि ऐसा होता है तो 5 करोड़ के अलावा अधिक राशि मिलने पर दर्शक दीर्धा समेत स्टेडियम में अन्य सुविधाएं मिलने पर राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाया जा सकता है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




