Betul Ganj: गंज क्षेत्र में फिर सड़क पर आया साप्ताहिक बाजार

नगरपालिका की बनाई व्यवस्था ध्वस्त, पल-पल पर लग रहा जाम, हादसों का भी खतरा

Betul Ganj: बैतूल। शहर के गंज क्षेत्र में साप्ताहिक बाजार को व्यवस्थित करने के लिए नगरपालिका द्वारा की गई कवायद कुछ ही महीनों में बेअसर साबित होने लगी है। जिस बाजार को सड़क से हटाकर शासकीय प्राथमिक शाला की खाली जमीन पर शिफ्ट किया गया था, वह एक बार फिर मुख्य सड़क पर लौट आया है।

बुधवार और शनिवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में सब्जी की दुकानें सड़क किनारे सजने लगी हैं। इसके चलते गंज क्षेत्र में दिनभर यातायात प्रभावित हो रहा है और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगरपालिका द्वारा बनाई गई व्यवस्था ध्वस्त होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

दरअसल, गंज क्षेत्र में लगने वाले साप्ताहिक बाजार के कारण लंबे समय से यातायात की समस्या बनी हुई थी। बाजार के दिन सड़क के दोनों ओर सब्जी और अन्य सामानों की दुकानें लगने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती थी। लोगों की परेशानी को देखते हुए नगरपालिका ने कुछ महीने पहले इस बाजार को शासकीय प्राथमिक शाला के डिस्मेंटल होने के बाद खाली पड़ी जमीन पर शिफ्ट किया था। यहां दुकानदारों के लिए जगह निर्धारित की गई थी और कुछ समय तक बाजार व्यवस्थित तरीके से संचालित भी हुआ।

इससे मुख्य सड़क पर यातायात का दबाव कम हुआ था और लोगों को राहत मिलने लगी थी। लेकिन अब धीरे-धीरे दुकानदारों ने फिर से सड़क किनारे दुकानें लगाना शुरू कर दिया है। बुधवार और शनिवार को बाजार के दिन मस्जिद चौक से लेकर जेएच कॉलेज चौक तक सड़क के दोनों ओर सब्जी की दुकानें दिखाई देती हैं। नतीजा यह है कि बाजार के लिए बनाई गई वैकल्पिक व्यवस्था का कोई खास उपयोग नहीं हो रहा है। जिस उद्देश्य से बाजार को शिफ्ट किया गया था, वह व्यवस्था अब पूरी तरह बेअसर नजर आने लगी है।

सड़क पर दुकानें, खरीदारी करने वालों के वाहन बढ़ा रहे परेशानी

सड़क पर बाजार लगने के साथ ही खरीदारी करने वालों के वाहन भी यातायात व्यवस्था में बाधा बन रहे हैं। लोग सब्जी खरीदने के लिए दोपहिया और चारपहिया वाहनों से पहुंचते हैं और कई बार अपने वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर देते हैं। पहले से ही दुकानों के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा घिरा रहता है। ऐसे में वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती और कुछ ही देर में जाम की स्थिति बन जाती है। बाजार के समय वाहन चालकों को निकलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। पैदल चलने वाले लोगों को भी सड़क पर जगह नहीं मिल पाती।

पहले भी हो चुके हैं कई हादसे, फिर भी नहीं चेते जिम्मेदार

गंज क्षेत्र में सड़क पर बाजार लगने से केवल जाम की समस्या ही नहीं है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। सड़क पर दुकानें और ग्राहकों के वाहन होने के कारण तेज रफ्तार से आने वाले वाहनों के लिए रास्ता संकरा हो जाता है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। पिछले कुछ वर्षों में गंज क्षेत्र में कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है।

इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को लेकर स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। अब जरूरत इस बात की है कि नगरपालिका बाजार को निर्धारित स्थान पर संचालित कराने के लिए सख्ती दिखाए। केवल बाजार शिफ्ट कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवस्था का नियमित पालन कराना भी जरूरी है। यदि समय रहते सड़क पर दुकानें लगाने पर रोक नहीं लगाई गई तो गंज क्षेत्र में जाम और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहेगा।

इनका कहना

दुकान संचालकों को सड़क दुकान ना लगाने की एक बार हिदायत दे चुके है। अब इसके बावजूद भी दुकानें सड़क पर लगाई तो उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। 

ब्रजगोपाल परते, राजस्व निरीक्षक, नगरपालिका, बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button