पर्दे के पीछे : कैमरे में एकता, पर्दे के पीछे पुरानी फाइलों का साया!

बैतूल की एक प्रमुख विपक्षी पार्टी में इन दिनों एकता का मौसम दिखाई दे रहा है। हाल ही में एक वरिष्ठ नेता के जन्मदिन समारोह में जिस तरह नेताओं की मौजूदगी, मेल-मिलाप और मुस्कुराती तस्वीरें सामने आईं, उससे लगा कि बरसों से बिखरे सुर अब एक साथ गुनगुनाने लगे हैं। मंच एक, माला एक, केक एक और तस्वीरों में मुस्कान भी एक जैसी। सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर एकजुटता का संदेश भी दे दिया गया।
लेकिन इस एकता वाले फोटोशूट में एक चीज थोड़ी कम नजर आई, वह थी चेहरों की बेफिक्र चमक। दरअसल, बैतूल की सियासत में इन दिनों दो तरह के सुर सुनाई दे रहे हैं। एक वह, जो कैमरे के सामने मिलाए जा रहे हैं और दूसरा वह, जो दिल से मिलना अभी बाकी है। इस दूरी की वजह कोई विचारधारा या राजनीतिक रणनीति नहीं, बल्कि एट्रोसिटी प्रकरणों की पुरानी कड़वाहट बताई जा रही है।
चर्चा है कि पहले प्रकरण की पटकथा से लेकर आवेदन तैयार होने तक कई किरदारों की भूमिका रही और फिर जवाबी कार्रवाई के रूप में दूसरा प्रकरण भी सामने आ गया। देखते ही देखते राजनीतिक खींचतान ने ऐसा मोड़ लिया कि मामला आपसी विश्वास की परीक्षा बन गया।
अब सार्वजनिक तौर पर दोनों पक्ष भले ही पुरानी बातों पर मिट्टी डालने और आगे बढऩे का संदेश दे रहे हों, लेकिन पर्दे के पीछे कुछ किरदार ऐसे भी हैं, जो पुरानी फाइलों की याद दिलाने का कोई मौका नहीं छोड़ते। बैठकों में भी कभी-कभार पुराने घटनाक्रम का जिक्र माहौल को सहज होने से रोक देता है।
नतीजा यह है कि मंच पर हाथ जरूर मिल रहे हैं, लेकिन मन की दूरी पूरी तरह खत्म हुई या नहीं, यह सवाल अब भी बरकरार है। जन्मदिन के केक के साथ पुरानी कड़वाहट का स्वाद भी कहीं न कहीं महसूस किया जा रहा है। बहरहाल, तस्वीरों में एकता के रंग खूब चटख हैं और संदेश भी साफ है कि सब कुछ ठीक है, लेकिन राजनीति में असली एकता कैमरे के सामने नहीं, बल्कि कैमरा बंद होने के बाद दिखाई देती है।
जब तक पुराने विवादों पर भरोसे का पर्दा नहीं गिरता, तब तक सुर मिलाने की कोशिश तो होती रहेगी, लेकिन दिल से निकला एकता का गीत अधूरा ही रहेगा। बाकी सब खैरियत है, एकता कायम है और तस्वीरें भी शानदार आई हैं!




