Betul Loksabha Election Result: पिछली जीत का रिकार्ड तोड़ डीडी फिर बनेंगे सिरमौर
प्रदेश में सर्वाधिक लीड के मामले में भी टॉप-5 में जगह बनाने की संभावना, कांग्रेस एक भी राउंड में नहीं बना पाई बढ़त

Betul Loksabha Election Result : बैतूल। बैतूल-हरदा-हरसूद संसदीय क्षेत्र की मंगलवार को हुई मतगणना में एक बार फिर भाजपा प्रत्याशी दुर्गादास उईके रिकार्ड मतों से चुनाव जीत रहे है। 12 राउंड की गिनती के बाद उईके ने अपने निकटतम कांग्रेस के रामू टेकाम पर करीब साढ़े तीन लाख से अधिक की निर्णायक बढ़त बना ली है। इस तरह डीडी उईके ने अपने 2019 रिकार्ड को खुद ध्वस्त कर दिया है। संसदीय क्षेत्र के इतिहास में भाजपा प्रत्याशी की सबसे बड़ी जीत मानी जा सकती है। शेष बचे चार राउंड के बाद उनकी जीत 4 लाख को पार कर सकती है। दूसरी तरफ कांग्रेस प्रत्याशी एक भी राउंड में बढ़त लेने में कामयाब नहीं हो सकेे। भाजपा ने अपनी जीत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा संगठन के कार्यकर्ताओं को समर्पित की है।
जेएच कालेज में सुबह 8 बजे काउंटिंग के शुरूआती दौर में ही भाजपा ने बढ़त बनानी शुरू कर दी थी। यह बढ़त देखते ही देखते 12 राउंड के बाद लाखों में पहुंच गई। चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों सहित 8 उम्मीदवार मैदान में थे। खास बात यह है कि 5 उम्मीदवार जहां 4 अंकों के साथ राउंडवार बढ़त लेते रहे, वहीं मतदाताओं ने नोटा का भी जमकर उपयोग किया है। नोटा 5 अंकों के साथ चौथे नम्बर पर रही। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि चुनावी मैदान में उतरे भाजपा, कांग्रेस समेत अन्य प्रत्याशियों को लोगों ने पसंद नहीं किया।

डाक मतपत्रों के साथ शुरू हुई वोटो की गिनती
सुबह 8 बजे जेएच कालेज में जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी की अगुवाई में डाक मतपत्रों की गिनती के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम खोला गया और ईवीएम मशीनें काउंटिंग रूम तक पहुंचाई गई। डाक मत पत्रों की गिनती के तत्काल बाद ईवीएम मशीनों से वोटों की गिनती शुरू की गई। भाजपा के सांसद प्रत्याशी की जीत का पहला रुझान ही वोटों की बढ़त के साथ सामने आया। डीडी उइके को जहां 5215 वोट हासिल हुई तो कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम को महज 2366 मत प्राप्त हुए। पहले ही रुझान में डीडी उइके ने 2849 मतों की बढ़त बना ली थी। इसके बाद से ही श्री उइके ने क्रमवार बढ़त बनानी शुरू कर दी थी, जो समाचार लिखे जाने तक 12 राउंड में भी बरकरार थी।
दोपहर 2 बजे तक मिली 3 लाख 35 हजार 199 की बढ़त
शरूवाती दौर से ही बढ़त बना कर चल रहे भाजपा प्रत्याशी डीडी उइके को दोपहर 2 बजे तक कुल 3 लाख 35 हजार 199 मतों की बढ़त प्राप्त हो चुकी थी। श्री उइके को 7 लाख 27 हजार 427 वोट मिल चुके थे। इसके मुकाबले कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम को 3 लाख 92 हजार 228 मत ही प्राप्त हुए थे। दोपहर 2 बजे तक कुल 11 राउंड की मतगणना होने के बाद मतों की जो बढ़त भाजपा के पक्ष में नजर आई उससे साफ हो गया कि भाजपा प्रत्याशी डीडी उइके रिकार्ड जीत की तरफ बढ़ रहे हैं।
समाचार लिखे जाने तक 12 राउंड पूरे हो चुके थे, इसमें भाजपा प्रत्याशी ने रिकार्ड 3 लाख 60 हजार 141 मतों की बढ़त हासिल कर ली है। यानी पिछले चुनाव का 3 लाख 69 हजार का अपना ही रिकार्ड तोड़ने की ओर अग्रसर है।
पांचवें राउंड में ही दिखी कांग्रेस में हताशा
काउंटिंग शुरू होने के पूर्व कांग्रेस और भाजपा दोनो ही दलों के प्रतिनिधि काउंटिंग सेंटर पर पहुंच चुके थे, लेकिन शुरुआती दौर से ही भाजपा के बढ़त बनाने और पांचवे राउंड में अच्छी खासी बढ़त बनाने के बाद मौजूद कांग्रेस जनों में हताश नजर आने लगी और एक एक कर कांग्रेसियों ने रुखसत होना शुरू कर दिया था। इधर भाजपा के सांसद पद प्रत्याशी डीडी उइके अपने निवास से ही रुझानों की जानकारी लेते रहे।
हां ये जरूर है कि भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला सहित तमाम भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे समय काउंटिंग सेंटर पर बने रहे। कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने मतगणना स्थल पहुंचे और सभी से मुलाकात कर उनका हौंसला अफजाई करने से नहीं चुके। इस दौरान उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी से भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री की नीति और कार्यकर्ताओं ने दिलाई जीत: डीडी
अपनी जीत को लेकर भाजपा के प्रत्याशी डीडी उइके ने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा संगठन की देते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक जीत के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा संगठन का विशेष योगदान है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व और जनहित के संकल्प के साथ की गई सेवा, सुशासन और उन जन कल्याणकारी योजनाओं का ही नतीजा है कि एक संकल्प के साथ जीत हासिल हुई है। भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने का काम भाजपा ने किया है। यही वजह हैं कि आज पूरे देश मे एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर भाजपा अपनी सरकार बनाने जा रही है।
जनता का जनादेश सिर आंखों पर: रामू
लोकसभा चुनाव में एक बार फिर अपनी हार होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। सांझवीर टाईम्स से चर्चा में कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम ने कहा कि जनता का जनादेश सहर्ष स्वीकार होने के साथ-साथ सिर आंखों पर है। हमारे संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चुनाव में जमकर मेहनत की है, उन्हें जीत दिलाने के लिए हर सम्भव कोशिश की है। इसके लिए मैं ह्रदय से आभार व्यक्त करता हूं। साथ ही विश्वास दिलाता हूं कि चुनाव में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन पूर्व की तरह हमेशा जनता के सुखदुख में सहभागी बनते रहूंगा। यह भी कहना चाहूंगा कि भले ही हम चुनाव हार गए, लेकिन हमेशा की तरह मैं आगे भी जनता के सुख-दुख में हमेशा सहभागी रहूंगा।




