Politics: राजनीतिक हलचल: चेहरा वही, अंदाज नया, किसके सिर पर बालों की सियासी बहार?? जन्मदिन के बहाने गले मिले, फिर भी किनके दिलों की दूरी बरकरार क्यों???बाउंसर थाने पहुंचीं, लेकिन कार्यवाही की घन्टी क्यों नहीं बजी???? विस्तार से पढ़िए हमारे चर्चित कॉलम राजनीतिक हलचल में……

चेहरा वही, अंदाज नया… सिर पर बालों की सियासी बहार!

सत्ता के गलियारों में इन दिनों एक जनप्रतिनिधि की ग्राफ्टिंग खूब चर्चा बटोर रही है। आयोजनों की बात हो या सार्वजनिक मंचों की, नेताजी हर जगह नजर आ रहे हैं और अब लोगों की निगाहें उनके भाषणों से ज्यादा उनके सिर पर टिकी हैं। आखिर मामला ही कुछ ऐसा है! सियासी हलकों में चर्चा है कि नेताजी के सिर पर बालों की नई फसल लहलहाने की तैयारी है। अब उत्सुकता इस बात को लेकर है कि यह बालों की पौध कहां की है और किसके सिर से होकर नेताजी के सिर तक पहुंची है?

खैर, राजनीति में चर्चित चेहरों की हर गतिविधि पर नजर रखना और उसकी समीक्षा करना आम बात है। लेकिन इस बार चर्चा का विषय जनसेवा, विकास या राजनीतिक समीकरण नहीं, बल्कि सिर की नई सजावट बन गई है। ग्राफ्टिंग का असर भी कुछ ऐसा बताया जा रहा है कि पुरानी तस्वीर और मौजूदा चेहरे का मिलान करने में पहली नजर में लोग ठिठक जाते हैं। अब देखना यह है कि सिर पर बालों की यह नई बहार सियासत में भी कोई नया रंग जमाती है या नहीं!

जन्मदिन के बहाने गले मिले, दिलों की दूरी फिर भी बरकरार!

विपक्षी खेमे के एक प्रमुख नेता के जन्मदिन पर पिछले दिनों सियासी एकजुटता का खूब प्रदर्शन हुआ। पार्टी के मुखिया भी अपने कुछ खास अंगद, हनुमान और विभीषणों के साथ समारोह में पहुंचे। मंच सजा, बधाइयों का दौर चला और एक-दूसरे की तारीफों में कसीदे भी पढ़े गए। तस्वीरों ने भी यही संदेश दिया कि अब सब कुछ ठीक-ठाक है और पार्टी के दोनों ध्रुव एक ही धारा में बहने को तैयार हैं।

लेकिन सियासत में मंच की मुस्कान और मन की बात में फर्क होना कोई नई बात नहीं है। समारोह से लौटते ही शाम को पार्टी प्रमुख के कुछ उतसी छुटभैये नेताओं ने सुर बदल दिए। उनका कहना था कि यह मिलन महज औपचारिकता था, पुरानी अदावतें इतनी आसानी से भला कैसे भुलाई जा सकती हैं? अब इन चर्चाओं ने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। कुल मिलाकर जन्मदिन पर गले तो मिले, लेकिन दिलों के बीच जमी बर्फ कितनी पिघली, इसका जवाब अभी बाकी है।

बाउंसर थाने पहुंची, लेकिन कार्रवाई की घंटी नहीं बजी!

पवित्र नगरी इन दिनों धार्मिक गतिविधियों से ज्यादा सियासी चर्चाओं के कारण सुर्खियों में है। पहले संघ के एक पदाधिकारी का नाम महिला से जुड़ने की चर्चा चली और फिर मामला तूल पकड़ने पर उन्हें जिले की प्रमुख जिम्मेदारी से हटाए जाने की खबर आई। कहानी में नया मोड़ तब आया, जब कथित महिला बाउंसर खुद मैदान में उतर गई।

चर्चा है कि वह संघ के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के तीन पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। थानेदार से मुलाकात कर उसने कुछ आपत्तिजनक वीडियो और एफआईआर से जुड़ी बातें भी सामने रखने की बात कही। लेकिन थाने की दहलीज तक पहुंची शिकायत कार्रवाई की चौखट पार नहीं कर पाई।

अब शहर के सियासी गलियारों में सवाल तैर रहा है कि आखिर मामला शिकायत तक ही क्यों सिमट गया? क्या दबाव भारी पड़ा या कहानी का कोई दूसरा पहलू भी है? फिलहाल बाउंसर की अगली चाल पर सबकी निगाहें टिकी हैं। पवित्र नगरी की इस पटकथा का अगला अध्याय अभी बाकी है!

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button