Betul NEET Exam: परीक्षा केंद्र के बाहर एनएसयूआई और पुलिस में तीखी नोकझोंक

नीट पेपर लीक के पर्चों पर बवाल
Betul NEET Exam: बैतूल। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर रविवार को बैतूल के कन्या महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र के बाहर उस समय माहौल गरमा गया, जब एनएसयूआई पदाधिकारी और कार्यकर्ता विद्यार्थियों के बीच जागरूकता संबंधी पर्चे बांटने पहुंचे। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बहस हो गई। करीब 10 से 15 मिनट तक चले विवाद ने परीक्षा केंद्र के बाहर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
जानकारी के अनुसार एनएसयूआई के जिला पदाधिकारी प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर नीट परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक के विरोध में पर्चे वितरित करने पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यार्थियों को पर्चे देकर अपनी बात रखना चाहते थे। इसी बीच पुलिस ने उन्हें परीक्षा केंद्र के आसपास से हटने के लिए कहा कि इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा और व्यवस्था का हवाला देते कार्यकर्ताओं को वहां से बाहर जाने के लिए कहा। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे थे और किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं फैला रहे थे। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष जैद खान ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में पेपर लीक की घटना ने लाखों मेहनती और होनहार विद्यार्थियों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार की बड़ी विफलता है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर संगठन के कार्यकर्ता विद्यार्थियों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए परीक्षा केंद्र पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने अनावश्यक रूप से विवाद खड़ा कर दिया। जैद खान ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस द्वारा की गई कथित बदसलूकी की जानकारी प्रदेश नेतृत्व को भेजी गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विद्यार्थियों के हितों से जुड़े मुद्दों को दबाने का प्रयास किया गया तो संगठन आगे भी आंदोलन जारी रखेगा। हालांकि पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के दौरान कुछ समय के लिए परीक्षा केंद्र के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com



