Betul Samachar: 22 हजार में स्वच्छता भवन डिस्मेंटल, तीन लाख की सामग्री ठेकेदार के पास

बिना टेंडर कोटेशन के आधार पर दिया भवन तोड़ने का ठेका, सागौन की लकड़ी से लेकर लोहे की खिड़कियां और टीन शेड भी ले गया ठेकेदार
Betul Samachar: बैतूल। नगर पालिका की स्वच्छता शाखा के पुराने भवन को डिस्मेंटल करने का मामला अब सवालों के घेरे में है। भवन को तोड़ने और उससे निकलने वाली पूरी सामग्री ले जाने का ठेका महज 22 हजार रुपए में दे दिया गया। खास बात यह है कि इसके लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाने के बजाय कोटेशन के आधार पर ठेका दिया गया।
भवन से निकली सामग्री की कीमत करीब तीन लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर नगर पालिका ने इतनी बड़ी कीमत की सामग्री महज 22 हजार रुपए में ठेकेदार को कैसे सौंप दी।
जानकारी के अनुसार, स्वच्छता शाखा के पुराने भवन को डिस्मेंटल करने के लिए नगर पालिका ने 22 हजार रुपए का कोटेशन स्वीकार किया। इसके तहत ठेकेदार को भवन तोड़ने के साथ उससे निकलने वाली सामग्री अपने साथ ले जाने की अनुमति भी दी गई। भवन में लगी सागौन की बल्लियां, लकड़ी की चौखटें, दरवाजों के पल्ले, लोहे की खिड़कियां, टीन शेड और खपरैल सहित अन्य सामग्री ठेकेदार अपने साथ ले गया।
सामग्री की कीमत और ठेके की राशि में बड़ा अंतर
इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण पहलू भवन से निकली सामग्री की कीमत और ठेके की राशि के बीच का अंतर है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, भवन में लगी लकड़ी, लोहे और अन्य निर्माण सामग्री की कीमत तीन लाख रुपए से अधिक हो सकती है। इसके बावजूद नगर पालिका ने 22 हजार रुपए में भवन डिस्मेंटल करने के साथ पूरी सामग्री ठेकेदार को सौंप दी।
यदि सामग्री का मूल्यांकन तीन लाख रुपए से अधिक था तो उसे बेचने या निस्तारित करने से पहले उसका आकलन किस आधार पर किया गया, यह स्पष्ट होना जरूरी है। मामले में यह भी सवाल है कि सामग्री का मूल्यांकन किस अधिकारी या तकनीकी टीम ने किया और कोटेशन आमंत्रित करने की प्रक्रिया किस आधार पर अपनाई गई।
क्या अन्य इच्छुक ठेकेदारों को भी अवसर दिया गया था और क्या सामग्री की अलग से कीमत निर्धारित की गई थी? नगर पालिका के इस निर्णय से निकाय को संभावित आर्थिक नुकसान का आकलन करने की जरूरत है। भवन डिस्मेंटल की पूरी प्रक्रिया और सामग्री के मूल्यांकन का रिकॉर्ड सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




