Betul Hospital News: 300 करोड़ के मेडिकल कॉलेज का काम ठंडे बस्ते में, जिला अस्पताल में तैयारी अधूरी

भूमिपूजन को एक साल होने को आया, आरकेडीएफ ग्रुप का दावा- अगले वर्ष के अंत में तैयार होगा भवन
Betul Hospital News: बैतूल। जिले को मेडिकल कॉलेज की बड़ी सौगात मिलने के बाद भी इसके संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। करीब 300 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले मेडिकल कॉलेज का निर्माण और संचालन पीपीपी मॉडल पर होना है।
पिछले वर्ष 23 दिसंबर 2025 को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल पहुंचकर कॉलेज का भूमिपूजन किया था। भूमिपूजन को लगभग एक साल होने जा रहा है, लेकिन कॉलेज के संचालन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं अब तक आगे नहीं बढ़ पाई हैं। निर्माण कार्य की रफ्तार भी अपेक्षा के अनुरूप नजर नहीं आ रही है।
मेडिकल कॉलेज का निर्माण और संचालन आरकेडीएफ ग्रुप द्वारा किया जाना है। कॉलेज भवन में मेडिकल की पढ़ाई की व्यवस्था रहेगी, जबकि मरीजों के उपचार की व्यवस्था जिला अस्पताल में विकसित की जाएगी। इसके लिए जिला अस्पताल में भी बड़े स्तर पर बदलाव और जरूरी सुविधाओं का विस्तार किया जाना है।
डॉक्टरों, चिकित्सा सुविधाओं, वार्डों और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पहले से तैयारी जरूरी है, लेकिन अस्पताल में फिलहाल इस दिशा में कोई ठोस प्रक्रिया शुरू होती नजर नहीं आ रही है।
अस्पताल में व्यवस्था बनाने की प्रक्रिया भी ठप
मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद जिला अस्पताल की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। यहां मरीजों को मेडिकल कॉलेज स्तर की उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी हैं। इसके लिए अस्पताल के मौजूदा ढांचे में बदलाव के साथ नई व्यवस्थाएं विकसित करना जरूरी होगा। जानकारी के मुताबिक आरकेडीएफ ग्रुप के डायरेक्टर एक बार जिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे थे।
इसके बाद दोबारा उनकी ओर से कोई विशेष गतिविधि सामने नहीं आई है। अस्पताल प्रबंधन और मेडिकल कॉलेज संचालन से जुड़ी तैयारियों को लेकर भी अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज शुरू होने से पहले अस्पताल में जरूरी व्यवस्थाएं कैसे और कब विकसित होंगी, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
अभी बेस तैयार, 2027 के आखिर तक भवन पूरा करने का दावा
दूसरी ओर मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण का काम शुरू हो चुका है, लेकिन इसकी रफ्तार भी काफी धीमी बताई जा रही है। अब तक निर्माण स्थल पर बेस तैयार होने की जानकारी सामने आई है। करीब 300 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस भवन को लेकर आरकेडीएफ ग्रुप का दावा है कि वर्ष 2027 के आखिरी तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
हालांकि मौजूदा स्थिति को देखते हुए निर्माण की गति बढ़ाना जरूरी नजर आ रहा है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जिले के मरीजों को बेहतर उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है।
लेकिन इसके लिए केवल भवन निर्माण पर्याप्त नहीं होगा। जिला अस्पताल में उपचार व्यवस्था विकसित करने, संसाधन जुटाने और संचालन संबंधी प्रक्रियाओं को भी समय रहते पूरा करना होगा। फिलहाल भवन निर्माण के साथ अस्पताल की तैयारियों की धीमी गति मेडिकल कॉलेज के भविष्य के संचालन को लेकर कई सवाल खड़े कर रही है।
इनका कहना है…..
भवन का निर्माण कार्य शुरू है 2027 के आखरी तक भवन का काम पूरा हो जायेगा।
अरुण राय मैनेजर, आरकेडीएफ ग्रुप भोपाल




