Betul News: सातनकर पर मेहरबानी की बौछार! अस्पताल प्रबंधक का जिम्मा भी सौंपा

स्टूवर्ड के बाद अब अस्पताल प्रबंधक का प्रभार भी लिपिक के पास, 15 माह से रिक्त पद पर नहीं हुई द्वितीय श्रेणी अधिकारी की नियुक्ति

कलेक्टर ने मांगा जवाब, सिविल सर्जन के स्पष्टीकरण पर उठ रहे सवाल; वरिष्ठ अधिकारी का पद कनिष्ठ लिपिक के हवाले

Betul News: बैतूल। जिला अस्पताल में लिपिक कमलेश सातनकर को लेकर सामने आए प्रभार संबंधी मामले में अब एक और महत्वपूर्ण खुलासा हुआ है। स्टूवर्ड का प्रभार स्थाई रूप से पदस्थ सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी दीपक भार्गव को नहीं सौंपे जाने के मामले के बाद अब अस्पताल प्रबंधक का जिम्मा भी सातनकर के पास होने की जानकारी सामने आई है।

यानी जिला अस्पताल में एक नहीं, बल्कि दो महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां एक ही कनिष्ठ लिपिक के पास संचालित होने की बात सामने आ रही है। खास बात यह है कि अस्पताल प्रबंधक का पद करीब 15 माह से रिक्त है, लेकिन इस पद पर अब तक किसी प्रथम अथवा द्वितीय श्रेणी अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है।

स्टूवर्ड के बाद अस्पताल प्रबंधक का भी जिम्मा

जिला अस्पताल में स्टूवर्ड की जिम्मेदारी को लेकर पहले ही सवाल उठ चुके हैं। शासन द्वारा सहायक ग्रेड-2 दीपक भार्गव को इटारसी से बैतूल स्थानांतरित कर स्टूवर्ड के रूप में पदस्थ किया गया था। इसके बावजूद अस्पताल में इस पद से संबंधित कामकाज लिपिक कमलेश सातनकर द्वारा संभाले जाने की जानकारी सामने आई थी।

अब पता चला है कि अस्पताल प्रबंधक का कार्यभार भी सातनकर के पास है। सूत्रों के मुताबिक, इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए भी कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है और मौखिक निर्देशों के आधार पर काम कराया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर अस्पताल के दो महत्वपूर्ण विभागीय दायित्व एक लिपिक के पास किस अधिकार से संचालित हो रहे हैं?

रेप के आरोप में पूर्व प्रबंधक के निलंबन के बाद पद रिक्त

बताया जाता है कि जिला अस्पताल के पूर्व अस्पताल प्रबंधक को दुष्कर्म के आरोप में जेल जाने के बाद शासन स्तर से निलंबित किया गया था। इसके बाद से अस्पताल प्रबंधक का पद रिक्त है। लगभग 15 माह बीतने के बावजूद इस पद पर किसी योग्य अधिकारी की नियमित नियुक्ति नहीं की गई।

जबकि अस्पताल प्रबंधक का काम केवल कार्यालयीन फाइलों तक सीमित नहीं होता, बल्कि अस्पताल की व्यवस्थाओं, संसाधनों, विभिन्न विभागों के समन्वय और प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी इसमें शामिल हैं। ऐसे पद पर वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति के बजाय लिपिक से काम लिए जाने की जानकारी प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।

कलेक्टर के जवाब मांगने के बाद भी उठ रहे सवाल

स्टूवर्ड के प्रभार को लेकर मामला सामने आने के बाद कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सिविल सर्जन से जवाब मांगा है। बताया जा रहा है कि इस मामले में सिविल सर्जन द्वारा दी गई जानकारी और अस्पताल के भीतर चल रही व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

यदि कमलेश सातनकर को कोई अतिरिक्त प्रभार नहीं दिया गया है, तो फिर अस्पताल का वास्तविक कामकाज कौन संभाल रहा है? वहीं यदि उनसे स्टूवर्ड और अस्पताल प्रबंधक दोनों का काम लिया जा रहा है, तो इसकी प्रशासनिक अनुमति और लिखित आदेश कहां हैं? इन सवालों का जवाब अब जिला अस्पताल प्रबंधन को देना होगा।

विधायक की नाराजगी की भी चर्चा

इस पूरे मामले को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की नाराजगी की भी चर्चा है। वे फिलहाल बैतूल में हैं। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली और प्रभार वितरण को लेकर वे कलेक्टर से चर्चा कर सकते हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में केवल स्पष्टीकरण लेकर संतुष्ट होता है या फिर अस्पताल में पदों की पात्रता, वरिष्ठता और जिम्मेदारियों के आवंटन की विस्तृत जांच कराकर स्थिति स्पष्ट करता है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button