Betul News: छिंदवाड़ा से बैतूल 180, बैतूल से छिंदवाड़ा के लिए वसूले जा रहे 200 रुपए

उड़नदस्ते यात्रियों से सीधे करेंगे पूछताछ, टिकट और किराया सूची की होगी जांच, गड़बड़ी मिलने पर परमिट निरस्त करने तक की कार्रवाई

Betul News: बैतूल। यात्री बसों में किराया वसूली के नाम पर बस ऑपरेटरों की मनमानी अब नहीं चल पाएगी। जिले के विभिन्न मार्गों पर यात्रियों से शासन द्वारा निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूलने की शिकायतों को गंभीरता से लेते परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। खास बात यह है कि एक ही दूरी के लिए अलग-अलग किराया वसूला जा रहा है।

छिंदवाड़ा से बैतूल आने का किराया जहां 180 रुपए है, वहीं इतनी ही दूरी तय कर बैतूल से छिंदवाड़ा जाने वाले यात्रियों से 200 रुपए वसूले जा रहे हैं। यानी एक ही रूट पर आने और जाने के किराए में 20 रुपए का अंतर है। यही नहीं जिले के अन्य क्षेत्रों में भी मनमाना किराया वसूली सार्वजनिक हो रही है।

 त्योहारी सीजन में यात्रियों की जेब पर पड़ा अतिरिक्त भार

बसों में मनमाना किराया वसूली का मामला नया नहीं है। पिछले कई महीनों से जिले के अलग-अलग रूटों पर इस तरह की शिकायतें सामने आती रही हैं। त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही बस ऑपरेटरों द्वारा मनमाना किराया वसूल किए जाने की शिकायतें और बढ़ गईं। यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर निर्धारित दरों से अधिक राशि लेने के आरोप भी सामने आए हैं। इसके बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से बस संचालकों के हौसले बुलंद बने हुए थे।

 उड़नदस्ते बसों में पहुंचकर यात्रियों से करेंगे सीधी पूछताछ

परिवहन विभाग ने अब इस व्यवस्था पर अंकुश लगाने के लिए आरटीओ, एआरटीओ और डीटीओ को उड़नदस्तों के माध्यम से यात्री बसों की आकस्मिक जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान केवल बस ऑपरेटरों के दस्तावेज ही नहीं देखे जाएंगे, बल्कि उड़नदस्ते में शामिल अधिकारी सीधे यात्रियों से बातचीत कर उनसे वसूले गए किराए की जानकारी भी लेंगे।

यात्रियों के टिकट और वास्तविक किराया वसूली का मिलान शासन द्वारा निर्धारित दरों से किया जाएगा। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि बस संचालक निर्धारित किराए से अधिक राशि तो नहीं वसूल रहे हैं।

 किराया सूची नहीं मिली तो भी होगी कार्रवाई

निर्देशों के मुताबिक बसों में निर्धारित किराया सूची प्रदर्शित करना और यात्रियों को सही टिकट उपलब्ध कराना भी जरूरी होगा। अधिक किराया वसूलने, बस में किराया सूची नहीं लगाने अथवा टिकट संबंधी अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संचालकों को मोटरयान अधिनियम की धारा 86 के तहत नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद परमिट निलंबित करने से लेकर निरस्त करने तक की कार्रवाई की जा सकेगी।

 कार्रवाई की रिपोर्ट भी उच्च अधिकारियों को भेजनी होगी

परिवहन विभाग ने मैदानी स्तर पर होने वाली जांच और उसके आधार पर की गई कार्रवाई की अधिकृत जानकारी समय-समय पर विभाग को भेजने के भी निर्देश दिए हैं। अब देखना यह होगा कि उड़नदस्तों की यह कार्रवाई वास्तव में यात्रियों को राहत दिला पाती है या फिर बसों में मनमाने किराए का पुराना खेल आगे भी जारी रहता है।

इस सम्बंध में ज्यादा जानकारी लेने के लिए बैतूल जिले परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला से सम्पर्क किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button