Betul ki Khabar: राज्यसभा पहुंचने की जिद! बैतूल के अतिथि शिक्षक ने ठोकी ताल, बोले- 60 से 70 भाजपा विधायक करेंगे मेरा समर्थन

हरदीप सिंह पुरी के सामने बैतूल के 55 वर्षीय हरिपाल बिहारे की दावेदारी, चुनाव लड़ने के लिए जुटा रहे 10 विधायकों के हस्ताक्षर
Betul ki Khabar: बैतूल। राज्यसभा की एक सीट को लेकर सियासी हलचल के बीच बैतूल के एक अतिथि शिक्षक ने चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान कर राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार बनाया है, वहीं कांग्रेस अभी प्रत्याशी के नाम पर मंथन कर रही है।
इसी बीच आमला तहसील के सोमलापुर निवासी 55 वर्षीय हरिपाल बिहारे ने राज्यसभा चुनाव लड़ने के लिए नामांकन फॉर्म खरीद लिया है। अब उनकी कोशिश नामांकन के लिए जरूरी 10 विधायकों के हस्ताक्षर जुटाने की है।
हरिपाल का दावा है कि यदि 10 विधायक उनके नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर कर देते हैं तो जीत उनकी ही होगी। इतना ही नहीं, उनका कहना है कि भाजपा के 60 से 70 विधायक भी उनके समर्थन में मतदान करेंगे। इसी उम्मीद में वे भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेताओं से संपर्क कर रहे हैं।
नियमित शिक्षक की नियुक्ति से छूटी नौकरी, अब राज्यसभा पहुंचने की तैयारी
हरिपाल बिहारे वर्ष 2011 से अलग-अलग सरकारी स्कूलों में अतिथि शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे थे। वर्ष 2017 से पीएमश्री शासकीय हाईस्कूल बड़गांव में वर्ग-2 के अतिथि शिक्षक थे। इसी साल जुलाई में स्कूल में नियमित शिक्षक की नियुक्ति होने के बाद उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
संस्कृत विषय में एमए हरिपाल अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। चुनाव लड़ने की वजह बताते हुए उनका कहना है कि अतिथि शिक्षक वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन सरकार ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अब तक ठोस कदम नहीं उठाए। राज्यसभा में हमेशा दूसरे लोगों को मौका मिलता है, इसलिए अनुभवी लोगों को भी सदन तक पहुंचने का अवसर मिलना चाहिए।
उमंग सिंघार से मिला आश्वासन, पटवारी से करेंगे मुलाकात
हरिपाल के मुताबिक वे भाजपा और कांग्रेस के कार्यालय पहुंचकर विधायकों से समर्थन मांग चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उनका दावा है कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने नामांकन फॉर्म भरवाने का आश्वासन दिया है। अब वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से भी मुलाकात करने की तैयारी में हैं। फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती उनके सामने 10 विधायकों के हस्ताक्षर जुटाने की है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




