CM Mohan Yadav Visits Betul : जनकल्याणकारियों योजनाओं से देश का प्रदेश में बजा रहा डंका: सीएम

तेंदूपत्ता संग्राहकों को किया 30 करोड़ का लाभांश वितरित, जिले के लिए भी खोला 400 करोड़ की सौगातों का पिटारा
CM Mohan Yadav Visits Betul : बैतूल। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण पूरे देश में हमारा डंका बजा रहा है। महिलाएं, युवा और अन्य लोग आत्मनिर्भर बन रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब महिलाओं समेत सभी वर्ग का कल्याण कर दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है।
सरकार माताओं और बहनों का मान बढ़ा रही है, लेकिन यह बात कांग्रेसियों को हजम नहीं हो रही है। कांग्रेस सरकार के दौरान किसानों की हालत कैसे थी, किसी से छिपी नहीं है। उनके जमाने में बच्चे घर से बोरा लेकर आते थे, टाट पट्टी तक नसीब नहीं होती थी। आज भाजपा सरकार ने सांदिपनी स्कूलों की सौगात देकर डेस्क बैंच पर पढ़ाने की व्यवस्था की है।

यह बात उन्होंने स्थानीय पुलिस ग्राउंड पर चार जिले बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और नर्मदापुरम के तेंदुपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ का लाभांश वितरित करने के दौरान व्यक्त किए। इस दौरान जिले के सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और बैतूल विधायक की मांग पर उन्होंने जिले के विकास के लिए करोड़ों की राशि की सौगात भी दी।

मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन की शुरुआत ताप्ती के आशीर्वाद, महा जननायक गंजनसिंह कोरकू, सरदार विष्णु उइके समेत बालाजी के आशीर्वाद से की। उन्होंने कहा कि वे भोपाल से बैतूल आने के पहले खाली हाथ नहीं आए। जो मांगें रखी गई है, उसे पूरा करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक लाख सरकारी अधिकारी कर्मचारियों को प्रमोशन दिया गया है और दो प्रतिशत एरियर बढ़ा दिया है। गांव-गांव तक जाने े लिए सुगत बस और सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। आने वाले ढाई वर्षों में विकास की चहुंतरफ गंगा बहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय वर्ग और अन्य वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को स्कूल जाने के लिए स्कूटी दी जा रही है। बच्चे जो बनना चाहे, वह बने, सरकार उनका साथ देगी। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते कहा कि यह लोग दो मुंही बात करते हैं। जीते तो वीवीएम ठीक नहीं, हार कर ठीकर दूसरों पर फोड़ना की इनकी आदत है।
आज देश देख रहा है कि कांग्रेस के शासन में क्या स्थिति और आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कितना बदलाव आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले भगवान बिरसा मुंडा की जयंती तीन दिन तक उत्साह के साथ मनाई जाएगी।
कुकरू को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यहा शिमला जैसा लगता है। यहां आने पर शिमला जैसा लगता है। कुकरू के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। पंद्रह करोड़ की लागत से यहां पर काम होगा। काफी बगान लगाएंगे।

जिले के लिए सौगात का खोला पिटारा
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सभी मांगों को पूरा करने की घोषणा कर दी। नपा के लिए पचास करोड़, गीता भवन के लिए अठारह करोड़, सातनेर देहगुड़ मार्ग, झल्लार आमला मार्ग और रामघाटी योजना के लिए 154 करोड़ की घोषणा की।
बैतूल में इंडोर और आउटडोर स्टेडियम के लिए हेमंत द्वारा मांगी गईराशि देने की घोषणा की। बटर फ्लाई पार्क के लिए भी सीएम ने तीन करोड़ देने की घोषणा की। इसके अलावा जिले के पांचों विधानसभा में विधायकों द्वारा रखी गई मांगों को भी स्वीकृति प्रदान कर दी। केंद्रीय राज्य मंत्री उइके के अनुरोध पर सीएम ने बैतूल में जनजातीय संग्रहालय बनाने का ऐलान कर दिया।

30 मिनट देरी से पहुंचे सीएम
बैतूल में तेंदूपत्ता संग्रहकों को लाभांश और बोनस वितरण करने के लिए मुख्यमंत्री का उड़न खटोला दोपहर 12.40 बजे मिलानपुर पर उतरने वाला था, लेकिन लगभग आधा घंटे की देरी से 1.10 मिनट पर उतरा। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री प्रदेश से राज्य सभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए हरदीप सिंह पुरी का विधानसभा में नामांकन दाखिल किया। इसी वजह वे उनके आने में विलंब हुआ।
मुख्यमंत्री डॉ यादव के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल नामांकन प्रक्रिया में शामिल थे इसलिए वे भी उनके ही साथ हेलीकाप्टर से बैतूल पहुंचे। हालांकि मंडला के एक कार्यक्रम में वर्चुअल जुड़ने के कारण करीब 30 मिनट विलंब से मुख्यमंत्री दोपहर 2.55 बजे मंच पर पहुंचे थे।
आदिवासी नृत्य के साथ स्वागत, प्रदर्शनी का अवलोकन
मुख्यमंत्री का काफिला दोपहर लगभग 2.5 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचा। यहां जिले के आदिवासी कलाकारों ने नृत्य कर उनका स्वागत किया। नृत्य करते हुए आदिवासियों ने कार्यक्रम के लिए आगे लेकर गए। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना के स्टॉल का निरीक्षण कर बच्चियों को राशि के चेक वितरित किए। इस दौरान उन्होंने छोटी बालिका को गोद में लेकर काफी देर तक दुलार किया।
कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी भी भेंट की और उनसे काफी देर तक चर्चा करते रहे। डॉ यादव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का करीब 20 मिनट तक अवलोकन किया।
इस दौरान उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल, केन्द्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके, प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, महेन्द्र सिंह चौहान, गंगाबाई उईके, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार मौजूद रहे।
52 कार्यो का भूमिपूजन, 55 का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने मंच से ही जिले के लिए 443 करोड़ की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग मुलताई आरईएस बैतूल, पीडब्ल्यूडी सेतु, पीआईयू, 1-2, पीडब्ल्यूडी जनजातीय कार्य विभाग और पर्यटन विभाग के कुल 52 कामों का 297 करोड़ से अधिक के कामों का भूमिपूजन किया।
इसके अलावा पीएचई खण्ड बैतूल, पीआईयू बैतूल, पीडब्ल्यूडी उपसंभाग बैतूल, आरईएस, पीआईयू 1-2, जल संसाधन मुलताई, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कुल 55 कामों का 145.82 करोड़ के कामों का लोकार्पण भी किया। इसमें सर्वाधिक सूक्ष्म एवं लघु विभाग के कामों का भूमिपूजन हुआ, जबकि पीएचई खण्ड बैतूल के सर्वाधिक 40 कामों के लिए लोकार्पण किया गया।
3.69 लाख तेन्दूपत्ता संग्रहकों को 30 करोड़ का बांटा बोनस
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पुलिस ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में बैतूल समेत नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा के 3.69 लाख तेन्दूपत्ता संग्रहकों को सीधे बोनस राशि का वितरण किया। करीब 30 करोड़ की राशि दक्षिण बैतूल, पश्चिम, उत्तर बैतूल, पंाढूर्णा, पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम वन मंडल के हितग्राहियों को चेक वितरित किए। कार्यक्रम में तीनों जिले से करीब 40 हजार से अधिक हितग्राही और अन्य लोग शामिल हुए।
डीडी ने मांगा बैतूल में संग्रालय
कार्यक्रम को संबोधित करते स्थानीय सांसद और केन्द्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके ने अपने उद्बोधन की शुरूआत मातृभूमि के चरणों में नमन की। उन्होंने मुख्यमंत्री का अपने गृह संसदीय क्षेत्र में तेन्दूपत्ता बोनस वितरण करने पर आभार जताया और उन्होंने कहा कि उनका आगमन गौरव का प्रतीक है।
श्री उईके ने कहा कि हमारे भाई-बहन जंगल में रहकर इसकी सुरक्षा करते है। उन्हें अपने वाजिब तेन्दूपत्ता बोनस का लाभ मुख्यमंत्री के हाथों से मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनजातीय के लिए ऐतिहासिक प्रयास कर रहे है, इसका सभी दूर सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। उन्हें चारों जिले से आए तेन्दूपत्ता संग्रहकों का भी आभार माना।
हेमंत ने सीएम के सामने रखी कई मांगे
इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सरजमी पर आए है। सभी की ओर से उनका स्वागत किया गया। खण्डेलवाल ने कहा कि जिले में तेन्दूपत्ता मानक बोरों की संख्या बढ़ी है। बोनस आर्थिक सहायता नहीं बल्कि आदिवासियों का हक और सम्मान है।
वैसे जिले के लिए मुख्यमंत्री ने बहुत से सौगाते दी है फिर भी उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष पेयजल संकट के लिए 48 करोड़ , गीता भवन के लिए 47 करोड़, स्कूलों के लिए 43 करोड़, अंतर्राज्यीय स्टेडियम के लिए 50 करोड़, सभी खेल प्रतियोगिताओं के खेल मैदान के लिए 60 करोड़, बटर फ्लाय पार्क के लिए 3 करोड़ और एक हजार एकड़ जमीन जिसमें जंगल नहीं उपलब्ध कराने का आग्रह किया। हेमंत ने कहा कि बैतूल खेती और उद्योग के लिए आगे रहेगा। विकास के कामों में कोई अड़ंगा नहीं आएगा।
भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के बाद विजय भवन स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उनका शाल श्रीफल से सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने में आप सभी का योगदान है। मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता हर मोर्च पर तैयार रहे। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, केन्द्रीय मंत्री दुर्गादास उईके, प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल समेत जिले के विधायक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।



