Betul News: अंडर ब्रिज बंद अंतिम यात्रा पर संकट

21 अप्रैल तक रास्ता नहीं खुला तो ठेकेदार पर एफआईआर की चेतावनी
Betul News: बैतूल। गंज क्षेत्र में रेलवे अंडर ब्रिज का रास्ता लंबे समय से बंद होने के कारण अब आमजन की परेशानी गंभीर रूप लेती जा रही है। खासकर मोक्षधाम और कब्रिस्तान तक पहुंचने वाली शवयात्राओं को लंबा और कठिन रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस मुद्दे को लेकर सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने अब सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि 21 अप्रैल तक रास्ता बहाल नहीं किया गया, तो ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
भावनात्मक रूप से भारी परेशानी झेल रहे परिजन
गंज, रामनगर, गर्ग कॉलोनी और जाकिर हुसैन वार्ड के रहवासियों का कहना है कि अंडर ब्रिज बंद होने से अंतिम यात्रा जैसे संवेदनशील समय में भी लोगों को गुरुद्वारा रोड होते सदर ओवर ब्रिज का लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि भावनात्मक रूप से भी परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यही स्थिति मुस्लिम समाज के लोगों के साथ भी बनी हुई है, जिन्हें कब्रिस्तान पहुंचने में अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।दोनो ही समाज इस समस्या से जूझने को मजबूर हैं। क्योंकि मोक्षधाम अंडर ब्रिज से लगा हुआ है तो वहीं इसी रास्ते से होते हुए लम्बा रास्ता तय किये बिना मुस्लिम समाज के कब्रिस्तान पहुंचा जा सकता है।
विकास के साथ मानवीय सम्वेदनाओं का ध्यान जरुरी
समाजसेवी रमेश भाटिया ने बताया कि पहले अंडर ब्रिज के माध्यम से शवयात्राएं आसानी से मोक्षधाम और कब्रिस्तान तक पहुंच जाती थीं, लेकिन वर्तमान में स्थिति बेहद कठिन हो गई है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का विरोध नहीं है, लेकिन ऐसे कार्यों में मानवीय संवेदनाओं का ध्यान रखना जरूरी है।
अंतिम समय में मृतक को सम्मानपूर्वक और सहज तरीके से अंतिम स्थल तक पहुंचाना समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। नागरिकों ने यह भी स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा 21 अप्रैल तक रास्ता खोलने की समय-सीमा तय की गई है, लेकिन वर्तमान हालात देखकर ऐसा नहीं लगता कि यह कार्य समय पर पूरा हो पाएगा।
ऐसे में यदि निर्धारित तिथि तक रास्ता चालू नहीं किया गया, तो 75 कदम 99 दिन अभियान से जुड़े कार्यकर्ता और स्थानीय लोग पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। हालांकि, रेलवे स्टेशन के ब्रिज से आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था देने पर नागरिकों ने रेलवे अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया है।
बावजूद इसके, अंडर ब्रिज का रास्ता ही सबसे सुविधाजनक और सीधा मार्ग माना जा रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां इस संवेदनशील मुद्दे पर कितनी गंभीरता दिखाते हुए समय पर समाधान निकालती हैं।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




