Betul News: एक वाट्सएप मैसेज ने चौपाटी में मचा दिया हड़कंप, दुकान खोलें या बंद रखें… इसी उलझन में फंसे दुकानदार!

नपा अधिकारियों के पहुंचते ही बंद हुई पूरी चौपाटी

Betul News: बैतूल। शहर के नेहरू पार्क स्थित चौपाटी पर शुक्रवार सुबह उस समय अजीबोगरीब स्थिति निर्मित हो गई, जब एक वाट्सएप मैसेज ने दुकानदारों के बीच हड़कंप मचा दिया। सुबह-सुबह अपनी दुकानें खोलने पहुंचे दुकानदार अचानक दुकानें छोड़कर एक जगह जमा हो गए। देखते ही देखते आपसी चर्चा और बहस का दौर शुरू हो गया। किसी को दुकान खोलने की जल्दी थी तो कोई दुकान बंद रखने की बात कह रहा था। आखिर ऐसा क्या हुआ कि पूरी चौपाटी के दुकानदार असमंजस में पड़ गए?

दो दिन दुकाने बन्द रखने सुनाया था फरमान

दरअसल, चौपाटी के ठीक पीछे शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कार्यक्रम आयोजित होना है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रोटोकॉल के तहत नगर पालिका अधिकारियों ने गुरुवार शाम ही चौपाटी के सभी दुकानदारों को शुक्रवार और शनिवार दुकानें बंद रखने के निर्देश जारी कर दिए थे। प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया था।

मेसेज देखते ही धड़ाधड़ खुल गई दुकाने

शुक्रवार सुबह दुकानदारों के वॉट्सएप ग्रुप पर किसी ने यह मैसेज डाल दिया कि आज शुक्रवार रात 8 बजे तक दुकानें खोली जा सकती हैं। बस फिर क्या था, मैसेज देखते ही कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोल लीं। कुछ ही देर में नगर पालिका अधिकारियों को इसकी जानकारी लगी और वे तत्काल मौके पर पहुंच गए।

अधिकारियों ने दुकानदारों को पूर्व में जारी निर्देशों का हवाला देते हुए दुकानें तत्काल बंद करने का फरमान सुना दिया। इसके बाद तो दुकानदारों के बीच ही बहस छिड़ गई। कोई ग्रुप में आए मैसेज को सही बता रहा था तो कोई नपा के आदेश का हवाला दे रहा था।

आखिरकार आपसी चर्चा के बाद सभी दुकानदारों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और शुक्रवार व शनिवार दोनों दिन दुकानें बंद रखने पर सहमति जताई। इसके बाद सुबह से गुलजार रहने वाली चौपाटी पर सन्नाटा पसर गया। एक मैसेज ने कुछ देर के लिए दुकानदारों को ऐसी उलझन में डाल दिया कि दुकान खोलने से पहले उन्हें आपस में ही पंचायत करनी पड़ गई।

सीएम के दौरे से पहले कार्यक्रम स्थल के आसपास से हटाया अतिक्रमण

 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित बैतूल दौरे को देखते हुए नगर पालिका ने कार्यक्रम स्थल के आसपास अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलाई। इस बार मुख्यमंत्री का काफिला गुरुद्वारा रोड से अधिकारियों के आवास की ओर से कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करेगा। इसी के मद्देनजर अधिकारियों के आवासों के सामने फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई।

नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर मटके, जूते-चप्पल सहित अन्य अस्थायी दुकानें हटवाईं। राजस्व निरीक्षक सुभाष प्रजापति ने बताया कि कार्यक्रम स्थल के आसपास संचालित सभी दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई है। दुकानदारों को समझाइश भी दी गई है कि दोबारा अतिक्रमण कर दुकानें न लगाएं। प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान मार्ग पूरी तरह व्यवस्थित और आवागमन सुगम रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button