Betul Samachar: सरकारी जमीन पर ड्रेनेज बनाकर रास्ता घेरा! विद्यासागर कॉलोनी के कारनामे पर पार्षद का शिकंजा

विधायक, कलेक्टर और सीएमओ तक पहुंची शिकायत, अतिक्रमण हटाने के साथ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग

Betul Samachar: बैतूल। टिकारी क्षेत्र के प्रताप वार्ड में विकसित हो रही विद्यासागर कॉलोनी में कथित अनियमितताओं का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सरकारी जमीन पर बिना अनुमति ड्रेनेज और चेंबर निर्माण कराने के आरोपों ने कॉलोनाइजर की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय रहवासियों के विरोध के बाद अब वार्ड पार्षद एवं पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष रजनी वर्मा ने भी मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने विधायक हेमंत खंडेलवाल, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडेय को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद सीएमओ ने राजस्व अधिकारियों को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

निजी जमीन छोड़ सरकारी जमीन पर निर्माण का आरोप

शिकायत के अनुसार, कोसमी जोड़ से टिकारी की ओर जाने वाले मार्ग के समीप विद्यासागर कॉलोनी विकसित की जा रही है। आरोप है कि कॉलोनाइजर ने अपनी निजी कमर्शियल भूमि को छोड़कर शासकीय मार्ग के पास नाली और कई चेंबरों का निर्माण करा दिया।

इसके लिए संबंधित सक्षम विभाग से अनुमति लिए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला केवल निर्माण की अनियमितता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और सार्वजनिक आवागमन में बाधा का भी बन सकता है।

रास्ता संकरा, प्रस्तावित सड़क निर्माण पर भी संकट

पार्षद रजनी वर्मा ने शिकायत में बताया कि संबंधित मार्ग पहले से ही संकरा है। नाली और चेंबर निर्माण के कारण आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अहम बात यह है कि उक्त स्थल पर परिषद द्वारा नवीन मार्ग निर्माण कार्य पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है। ऐसे में यदि अतिक्रमण बरकरार रहता है, तो सड़क का निर्धारित चौड़ाई में निर्माण प्रभावित होने की आशंका है। इससे भविष्य में भी क्षेत्रवासियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।

अब निरीक्षण के बाद कार्रवाई पर टिकी निगाहें

पार्षद और स्थानीय रहवासियों ने मांग की है कि शासकीय भूमि की सीमाओं का निर्धारण कर कथित अतिक्रमण हटाया जाए तथा मामले की जांच के बाद कॉलोनाइजर के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।

सीएमओ के निर्देश पर राजस्व अधिकारियों के निरीक्षण से अब मामले में कार्रवाई की उम्मीद बढ़ी है। हालांकि, आरोपों की वास्तविकता मौके की जांच और संबंधित दस्तावेजों के परीक्षण के बाद ही स्पष्ट होगी। अब देखना यह है कि प्रशासन जांच के बाद क्या कदम उठाता है और प्रस्तावित सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कितनी तेजी दिखाता है।

इनका कहना…..

सीएमओ के निर्देश पर मौके का निरीक्षण किया गया है। सम्बन्धित पटवारी की उपस्थिति में नपाई कराई जाएगी।

ब्रज गोपाल परते, राजस्व निरीक्षक नपा बैतूल

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button