Betul College Garba : कॉलेज के गरबे में बजरंग दल की एंट्री, विवाद के बाद आयोजन रद्द

मुस्लिम विद्यार्थियों की मौजूदगी पर जताई आपत्ति, विवाद बढ़ा तो प्रबंधन ने कार्यक्रम किया समाप्त

Betul College Garba : बैतूल। नवरात्र पर्व पर आपसी सद्भाव और उत्साह के साथ आयोजित गरबे के कार्यक्रम में उस समय विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जब देवगांव स्थित एसडी कॉलेज में बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता पहुंच गए। गरबे में मुस्लिम समाज के विद्यार्थियों की मौजूदगी पर आपत्ति के बाद मामला बढ़ने लगा। बढ़ते विवाद और दबाव के बीच कॉलेज प्रबंधन ने कार्यक्रम को समाप्त करने का निर्णय लिया। इस घटनाक्रम के बाद कॉलेज में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार नवरात्र पर्व के अवसर पर एसडी कॉलेज में गरबे के आयोजन की रूपरेखा विद्यार्थियों ने मिलकर तैयार की थी। आयोजन में कॉलेज के विभिन्न वर्गों के विद्यार्थी शामिल थे। विद्यार्थियों ने आपसी सहयोग और सद्भाव के साथ कार्यक्रम की तैयारियां की थीं। आयोजन के दौरान कुछ विद्यार्थी गरबे में शामिल हुए थे, जबकि अन्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए थे। कार्यक्रम उत्साह के साथ चल रहा था, लेकिन अचानक बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के पहुंचने से माहौल बदल गया।

मुस्लिम विद्यार्थियों की मौजूदगी पर आपत्ति

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गरबे में मुस्लिम समाज के कुछ विद्यार्थियों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई। बताया जा रहा है कि यह विद्यार्थी इसी कॉलेज में अध्ययनरत हैं और उन्होंने आयोजन की तैयारियों में भी भाग लिया था। कुछ विद्यार्थी गरबे में शामिल हुए थे, जबकि कुछ आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे थे। कार्यकर्ताओं की आपत्ति के बाद कार्यक्रम में विवाद की स्थिति बनने लगी।

विवाद टालने के लिए प्रबंधन ने लिया फैसला

कॉलेज प्रबंधन के अनुसार जिन विद्यार्थियों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई जा रही थी, वे इसी संस्थान के विद्यार्थी हैं। उन्होंने आयोजन की तैयारियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। हालांकि, विवाद बढ़ता देख प्रबंधन ने स्थिति को संभालने और टकराव टालने के उद्देश्य से कार्यक्रम समाप्त करना उचित समझा। इस घटनाक्रम ने एक सवाल खड़ा कर दिया है कि विद्यार्थियों द्वारा आपसी सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विवाद की स्थिति क्यों बनी और इसका समाधान आयोजन बंद करके ही क्यों करना पड़ा? फिलहाल, विवाद के बाद गरबे का कार्यक्रम समाप्त हो गया।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button