Betul News : जिनका कोई नहीं था, उनके अंतिम संस्कार के बाद अब पिंडदान भी करेगी नपा

दो साल में कराए अज्ञात शवों के अंतिम संस्कार, पितृमोक्ष अमावस्या पर दामा दैयत घाट में सामूहिक पिंडदान की पहल

बैतूल। जिनका इस दुनिया में कोई अपना नहीं था, मृत्यु के बाद जिनके अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी भी नगरपालिका ने निभाई, अब उनके लिए पितृमोक्ष अमावस्या पर पिंडदान भी किया जाएगा। नगरपालिका ने मानवीय संवेदना से जुड़ी यह अनूठी पहल की है। 10 अक्टूबर को पितृमोक्ष अमावस्या के अवसर पर बडोरा स्थित दामा दैयत घाट पर अज्ञात मृतकों के लिए सामूहिक श्रद्धांजलि और पिंडदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

पिछले दो वर्षों में जिले में मिले ऐसे अज्ञात शव, जिनकी पहचान नहीं हो सकी और जिनके अंतिम संस्कार के लिए कोई परिजन सामने नहीं आया, उनका नगरपालिका ने विधिवत अंतिम संस्कार कराया। अब नगरपालिका ने एक कदम आगे बढ़ते हुए मृत्यु के बाद भी उनकी आत्मा की शांति के लिए पितृमोक्ष अमावस्या पर पिंडदान करने का निर्णय लिया है। इस पहल को सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदना की अनुकरणीय मिसाल माना जा रहा है।

जनप्रतिनिधि भी होंगे शामिल

विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पांडेय के प्रयासों से यह आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में विधायक हेमंत खंडेलवाल, नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बारस्कर, मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, विक्रम वैद्य सहित सभी पार्षद मौजूद रहेंगे। नगरपालिका की इस पहल का उद्देश्य उन अज्ञात मृतकों को सम्मान देना है, जिनके जीवन में भले ही कोई अपना नहीं था, लेकिन मृत्यु के बाद नगरपालिका ने उन्हें लावारिस छोड़ने के बजाय अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई। अब पितृमोक्ष अमावस्या पर पिंडदान कर उन्हें सामाजिक और धार्मिक रूप से भी श्रद्धांजलि देने की पहल की जा रही है।

 

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button