Betul News: जुड़वा बच्चों को जन्म देने वाली महिला की संदिग्ध मौत

बैतूल में तीन डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम, नवजात बेटा-बेटी आईसीयू में भर्ती
Betul News: बैतूल। मंडई निवासी 25 वर्षीय महिला की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला ने हाल ही में जुड़वा बच्चों एक बेटा और एक बेटी को जन्म दिया था। दोनों नवजात फिलहाल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। महिला की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों की टीम द्वारा कराया, जिसमें एक महिला रोग विशेषज्ञ भी शामिल रही। जानकारी के अनुसार मंडई निवासी संगीता पत्नी राजेश उइके की तबीयत बुधवार को अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार संगीता ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह अपने मायके मंडई चली गई थी। वहीं उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल लाया गया। बताया जा रहा है कि तबीयत खराब होने से पहले परिजनों ने संगीता की झाड़-फूंक भी कराई थी। हालांकि महिला की मौत किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और चिकित्सकों की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। तीन डॉक्टरों की टीम ने आवश्यक जांच और प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस ने परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं। संगीता की शादी करीब छह महीने पहले राजेश उइके से हुई थी। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए गए हैं और टिकारी में रहते थे। परिजनों के मुताबिक दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध था।
इसके बाद परिवार की सहमति से शादी हुई थी। घटना के समय संगीता की सास भी उसके साथ मायके में मौजूद थी। फिलहाल परिवार की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस नवजात बच्चों की स्थिति, महिला की तबीयत बिगड़ने से पहले की परिस्थितियों और उपचार से जुड़े तथ्यों की भी जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




