Betul News: राजस्व सभापति-नेता प्रतिपक्ष के संज्ञान में भी नहीं यूनीपोल का मामला
Betul News: The issue of Unipol is not even in the knowledge of Revenue Chairman and Leader of Opposition

आंखों में धूल झोंककर नपा ने फर्म को उपकृत करने सबको दिखाया ठेंगा
Betul News: बैतूल। शहर में 91 होर्डिंग लगाने वाली फर्म को नपा ने उपकृत करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। यूनीपोल की शर्ते नियम में न होने के बावजूद बकायदा पांच जगह चिन्हित भी कर ली गई। शर्तों का उल्लंघन कर सीएमओ से लेकर राजस्व निरीक्षक को जानकारी होने के बावजूद यूनीपोल लगाने के लिए स्ट्रेक्चर भी तैयार होने लगा और अधिकारी सोते रहे। इस मामले में एक और खुलासा हुआ है कि जिस राजस्व विभाग के सभापति खुद वरिष्ठ पार्षद है, उन्हें तक जानकारी देना उचित नहीं समझा गया। सभापति भी इस मामले को लेकर नाराज है और सीएमओ से भी शिकायत करने वाले हैं। दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान तो इस मामले में मिलीभगत की बात कह रहे हैं।
नगरपालिका की राजस्व शाखा ने जिस तरह से नियमों की अनदेखी कर होर्डिंग लगाने वाली फर्म को फायदा पहुंचाने का काम किया है, इसकी जमकर चर्चा हो रही है। दरअसल नपा के राजस्व शाखा ने 91 होर्डिंग लगाने के बाद संबंधित फर्म को नियम विरूद्ध यूनीपोल लगाने की अनुमति दे डाली। इस बात का दावा खुद सांझवीर में खबर प्रकाशित होने के बाद फर्म के प्रमुख हवाला देते फिर रहे हैं। इससे राजस्व विभाग के जिम्मेदार कटघरे में आ खड़े हुए हैं। बिना परिषद और पीआईसी में यह मामला रखे जाने के बाद और भी विवादित होते चला गया। सांझवीर टाईम्स जनहित के इस मामले को लेकर सिलसिलेवार समाचार प्रकाशित कर रहा है।
सभापति को भी किया नजरअंदाज
यूनीपोल लगाने को लेकर अधिकारियों ने खुद अपनी मनोपल्ली चलाई है, इसमें कोई दोराय नहीं है। यह दावा इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि नपा के राजस्व विभाग के सभापति वरिष्ठ पार्षद तरूण ठाकरे तक को इस बात की भनक नहीं है कि शहर में होर्डिंग के साथ यूनीपोल भी लगाए गए हैं। उन्हें भी सांझवीर टाईम्स में खबरें प्रकाशित होने और अन्य माध्यमों से इस बात की जानकारी लगी। ठाकरे ने बताया कि मुझ से इस संबंध मेें किसी ने कोई पूछताछ नहीं की। पिछली पीआईसी की बैठक में यूनीपोल लगाने को लेकर कोई चर्चा भी नहीं हुई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि मामले को लेकर वे सीएमओ और नपा अध्यक्ष से भी चर्चा करेंगे।
नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेसी पार्षद भी नाराज
यूनीपोल लगाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान और कांग्रेस के पार्षद भी खासे नाराज है। उनका कहना है कि नपा के जिम्मेदार मन माफिक निर्णय लेकर अपनी मनोपल्ली चला रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष दीवान का कहना है कि यदि शर्तों के अनुरूप होर्डिंग के टेंडर हुए हैं तो यूनीपोल कैसे लग रहे हैं? इसके लिए बकायदा सम्मेलन में प्रस्ताव रखना था। तिलक वार्ड के पार्षद अब्दुल नफीस ने भी यूनीपोल की प्रक्रिया को नियम के विरूद्ध बताते हुए इसे निरस्त करने की मांग की है। उनका आरोप है कि पार्षदों के काम को तवज्जों न देकर जहां अपना फायदा होता है, वहीं नपा के अधिकारी नियम विरूद्ध काम के लिए अनुमति दे दी जाती है। कांग्रेस पार्षद अर्चना गोविंद साहू और अशोक नागले ने भी इस मामले में नाराजगी जताई है।
इनका कहना…
राजस्व विभाग स्थल पर जाकर यूनीपोल के ढांचे लगाने की जांच कर रहा है। यदि नियम में नहीं है तो बिलकुल भी यूनीपोल लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सतीष मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल




