Betul Samachar: जंगल कटता रहा, जांच अटकती रही! केरपानी में सागौन कटाई पर वन अधिकारी की चुप्पी

ताप्ती रेंज में पहले की कटाई की जांच भी अधूरी, केरपानी में कार्रवाई का इंतजार
Betul Samachar: बैतूल। दक्षिण वनमंडल की ताप्ती रेंज में जंगलों की सुरक्षा और अवैध सागौन कटाई के मामलों को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कोटमी, कोल्हू ढाना सहित अन्य बीटों में सामने आई सागौन कटाई के मामलों की जांच अभी पूरी नहीं हुई है। इसी बीच केरपानी सर्किल में भी सागौन के पेड़ों की कटाई और अतिक्रमण से जुड़े प्रमाण सामने आने के बाद विभाग की कार्रवाई पर नजरें टिक गई हैं।
जानकारी के अनुसार केरपानी सर्किल में हाल ही में सागौन के पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया था। मामले से संबंधित फोटो और अन्य प्रमाण दक्षिण वनमंडल के डीएफओ अरिहंत कोचर तक पहुंचाए गए। क्षेत्र में अतिक्रमण से जुड़े प्रमाण भी अधिकारियों को उपलब्ध कराए जाने की बात सामने आई है।
इसके बाद मामले की जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक जांच किस स्तर पर पहुंची और जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कदम उठाया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
डिप्टी रेंजर की जवाबदेही पर भी सवाल
केरपानी सर्किल में पदस्थ डिप्टी रेंजर शिवनाथ वाघमारे की भूमिका और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह है कि क्या मामले को लेकर उनसे जवाब-तलब किया गया? यदि जवाब लिया गया तो उनकी ओर से क्या स्पष्टीकरण दिया गया और विभाग ने उस पर क्या निर्णय लिया? इन सवालों के जवाब अब तक सामने नहीं आए हैं।
पुरानी कटाई की जांच भी लंबित
इधर, ताप्ती रेंज के कोटमी और कोल्हू ढाना सहित अन्य बीटों में पूर्व में सामने आई सागौन कटाई की जांच भी लंबित बताई जा रही है। जंगल से पेड़ काटे जाने की स्थिति में यह पता लगाना जरूरी है कि कटाई किसने की, लकड़ी कहां पहुंची और संबंधित क्षेत्र में तैनात वन अमले की निगरानी व्यवस्था कैसी थी।
लेकिन इन बिंदुओं पर विभाग की ओर से अब तक कोई स्पष्ट निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया गया है। मामले को लेकर डीएफओ अरिहंत कोचर से उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
ऐसे में केरपानी में सामने आई सागौन कटाई का मामला जांच और कार्रवाई के इंतजार में है। अब देखना यह है कि विभाग इस मामले में कब तक जांच पूरी कर जिम्मेदारी तय करता है।




