Betul News: पहली बार होगा किसी राष्ट्रपति का ऐतिहासिक आगमन

आदिवासी महासम्मेलन को करेंगी संबोधित, 18 जून को लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में होगा भव्य आयोजन
Betul News: बैतूल। जिले के इतिहास में पहली बार भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आगमन होने जा रहा है। राष्ट्रपति मुर्मु 18 जून को लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित आदिवासी महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर आदिवासी समाज को संबोधित करेंगी।
यह महासम्मेलन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय राज्य मंत्री डीडी उइके सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। ब्रह्माकुमारीज बैतूल की संचालिका ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि संस्था समाज के आध्यात्मिक एवं नैतिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इसी उद्देश्य से आध्यात्मिक जागृति द्वारा आदिवासी समाज का सशक्तिकरणÓ विषय पर यह विशेष महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से लगभग चार हजार आदिवासी भाई-बहनों के शामिल होने की संभावना है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु स्वयं आदिवासी समाज से आती हैं और आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का प्रेरक उदाहरण हैं। वे इस अवसर पर समाज में नैतिक मूल्यों, आत्मिक शक्ति और सामाजिक सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा करेंगी।
माउंट आबू और ओडिशा से पहुंचे वरिष्ठ पदाधिकारी, तैयारियां तेज
कार्यक्रम की तैयारियों के लिए ब्रह्माकुमारीज मुख्यालय माउंट आबू से राजयोगिनी डॉ. लीना बहन तथा ओडिशा से राजयोगी डॉ. नथमल भाई बैतूल पहुंचे हैं। आयोजन स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। डॉ. नथमल भाई ने बताया कि राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर 18 जून को सुबह 10.50 बजे बैतूल पहुंचेगा। इसके बाद सुबह 11.20 बजे महासम्मेलन प्रारंभ होगा और दोपहर 12.10 बजे कार्यक्रम का समापन प्रस्तावित है।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त, आधार कार्ड आधारित प्रवेश अनिवार्य
कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंच पर सीमित अतिथियों की ही उपस्थिति रहेगी। मंच पर महामहिम राष्ट्रपति सहित कुल सात व्यक्तियों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है, जबकि अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए अलग बैठक व्यवस्था निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में प्रवेश के लिए आधार कार्ड आधारित पूर्व पंजीयन अनिवार्य किया गया है। आमंत्रित आदिवासी भाई-बहनों का पंजीयन कर उन्हें प्रवेश पास जारी किए जा रहे हैं। पहचान सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। ब्रह्माकुमारीज संस्थान द्वारा आयोजित यह महासम्मेलन आदिवासी बहुल जिला बैतूल के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है, जिसकी तैयारियां पूरे जिले में उत्साह का वातावरण बना रही हैं।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




