Ration Dukan Hadtal : 1 अक्टूबर से राशन दुकान संचालकों की हड़ताल
पांच सूत्रीय मांगों को लेकर 7 दिन बंद रहेंगी दुकानें, जिले की 631 दुकानों पर वितरण व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका

File photo
Ration Dukan Hadtal : बैतूल। लंबित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जिले के राशन दुकान संचालकों ने 1 अक्टूबर से सात दिवसीय हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में जिलेभर की राशन दुकानें बंद रहेंगी। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन लेने वाले हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हड़ताल के दौरान राशन वितरण के साथ ही केवायसी सहित अन्य संबंधित कार्य भी प्रभावित होने की आशंका है।
राशन दुकान संचालकों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। संचालकों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर सरकार द्वारा अपेक्षित निर्णय नहीं लिया गया है। ऐसे में अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। जिले में करीब 631 राशन दुकानें संचालित हैं और इनसे बड़ी संख्या में हितग्राहियों को खाद्यान्न का वितरण किया जाता है।
संचालकों की प्रमुख मांग है कि उन्हें मिलने वाला कमीशन बढ़ाकर न्यूनतम 200 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए। उनका कहना है कि वर्तमान कमीशन में दुकान का संचालन, बिजली, परिवहन, कर्मचारियों सहित अन्य खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के सभी राशन दुकान संचालकों के लिए 40 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय अथवा आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
संचालकों का कहना है कि मौजूदा आय में दुकान का खर्च निकालने के बाद परिवार का भरण-पोषण करना भी कठिन हो गया है। लंबे समय से आर्थिक स्थिति में सुधार की मांग की जा रही है, लेकिन समाधान नहीं होने से संचालकों में नाराजगी है। इसी को लेकर सात दिन की हड़ताल का निर्णय लिया गया है।
यदि हड़ताल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू होती है तो 1 अक्टूबर से राशन वितरण व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। खासकर ऐसे हितग्राही, जो नियमित रूप से राशन दुकानों से खाद्यान्न प्राप्त करते हैं, उन्हें दुकानें बंद मिलने से परेशानी हो सकती है। अब देखना होगा कि हड़ताल से पहले सरकार संचालकों की मांगों पर कोई निर्णय लेती है या नहीं।




