Betul Drainage System: आधे घंटे की झमाझम बारिश ने खोली शहर के ड्रेनेज सिस्टम की पोल

सड़कों पर जलभराव, चौपाटी की दुकानों में घुसा पानी, बारिश से मिली उमस से राहत, अगले 24 घंटे भी बारिश के आसार

Betul Drainage System: बैतूल। लंबे इंतजार के बाद शनिवार दोपहर जिला मुख्यालय पर मौसम ने करवट ली और करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। तेज बारिश के बाद शहरवासियों ने राहत की सांस ली। लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। बारिश इतनी तेज रही कि थोड़े ही समय में शहर की कई प्रमुख सड़कों पर पानी जमा हो गया।

आधे घंटे की बारिश में करीब एक इंच बारिश होने का अनुमान है। दोपहर के समय अचानक आसमान में बादल छाए और कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। शुरुआत में रिमझिम बारिश के बाद बारिश ने जोर पकड़ा और करीब आधे घंटे तक तेज बौछारें पड़ती रहीं। इससे बाजार में भी आवाजाही प्रभावित हुई। कई स्थानों पर सड़कों के किनारे और निचले हिस्सों में पानी जमा हो गया। वाहन चालकों को जलभराव के बीच से गुजरना पड़ा। बैतूल में अब तक कुल 639.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि पिछले वर्ष 856.4 मिमी बारिश हो चुकी थी।

चौपाटी की दुकानों में घुसा पानी

इधर शहर की चौपाटी में सड़क निर्माण के बाद दुकानदारों की परेशानी और बढ़ गई है। शनिवार को हुई बारिश के बाद कई दुकानों के सामने पानी जमा हो गया और देखते ही देखते पानी दुकानों के अंदर तक पहुंच गया। दुकानदारों का कहना है कि सड़क बनने के बाद बारिश के पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है।

बारिश होते ही दुकानों के सामने तालाब जैसी स्थिति बन जाती है और पानी अंदर आने से सामान खराब होने का खतरा बना रहता है। दुकानदारों ने बताया कि बारिश के दौरान ग्राहकों का पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं होने से हर बारिश में परेशानी दोहराई जा रही है। दुकानदारों ने संबंधित विभाग से जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

घोड़ाडोंगरी में 52.0 मिमी बारिश दर्ज बैतूल के अलावा घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में शुक्रवार शाम को भी जोरदार बारिश हुई। यहां 52.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।

अगले 24 घंटे के दौरान बैतूल जिले के कुछ क्षेत्रों में रिमझिम से लेकर तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है। शनिवार की बारिश ने जहां शहरवासियों को गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं जलभराव ने नगर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल भी खड़े कर दिए। लोगों का कहना है कि थोड़ी देर की बारिश में ही यदि सड़कें पानी से भर जाती हैं तो तेज और लगातार बारिश की स्थिति में शहर में हालात और खराब हो सकते हैं।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button