Khabar ka Asar: खबर का असर : पुराना बच्चा जेल मार्ग का निर्माण जल्द होगा शुरू

गणपति उत्सव में व्यवधान नहीं होने देने का दावा, एक सप्ताह में व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन
Khabar ka Asar: बैतूल। पुराना बच्चा जेल क्षेत्र में बिजली के पोल नहीं हटने के कारण लंबे समय से अटके सड़क निर्माण और चौराहे के सुधार कार्य को लेकर अब लोक निर्माण विभाग हरकत में आ गया है। लगातार सामने आ रही समस्याओं और श्रद्धालुओं के बढ़ते आक्रोश के बाद अधिकारियों ने दावा किया है कि सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा तथा गणपति उत्सव के दौरान किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होने दिया जाएगा।
दरअसल, पुराना बच्चा जेल क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए सभी तैयारियां किए जाने के बावजूद बिजली के पोल नहीं हटने से कार्य अधर में लटका हुआ है। सड़क और चौराहे की बदहाल स्थिति के कारण आम नागरिकों के साथ ही गणपति उत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उत्सव के दौरान यहां बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में अव्यवस्थित सड़क और बीच में खड़े बिजली के पोल गंभीर समस्या का कारण बन सकते हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी स्वीकार कर रहे हैं कि यदि बिजली के पोल समय पर हटा दिए जाते तो अब तक सड़क निर्माण कार्य पूरा हो जाता और चौराहे की व्यवस्था भी दुरुस्त हो चुकी होती। विभाग की मजबूरी यह है कि बिजली विभाग द्वारा पोल नहीं हटाए जाने के कारण निर्माण एजेंसी भी काम शुरू नहीं कर पा रही है।
समन्वय बनाकर करेंगे समस्या का समाधान
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ दीपक सरियाम ने आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह के भीतर आवश्यक व्यवस्था बनाने के लिए पुरजोर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गणपति उत्सव में किसी प्रकार की परेशानी या व्यवधान नहीं होने दिया जाएगा और संबंधित विभागों के समन्वय से समस्या का समाधान कराया जाएगा।
अब देखना यह है कि अधिकारियों का यह आश्वासन धरातल पर कितनी जल्दी नजर आता है। क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं की मांग है कि बिजली के पोल तत्काल हटाकर सड़क निर्माण शुरू कराया जाए, ताकि गणपति उत्सव के साथ-साथ आमजन को भी सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इनका कहना….
बिजली पोल नही हटने से यहां सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। समन्वय बनाकर एक सप्ताह में व्यवस्था बना दी जाएगी।
दीपक सरियाम, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग
पोल शिफ्टिंग को लेकर कुछ व्यवधान उतपन्न हो रहे थे। राजस्व अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझ गया है, जल्द शिफ्टिंग की जाएगी
नईम खान, एसडीओ लोक निर्माण विभाग
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




