Betul News: आवासीय पट्टों को लेकर भाजपा में ही घमासान, शाहपुर में पुराने रिकॉर्ड जांच के घेरे में

किसान मोर्चा जिला महामंत्री ने लगाए गंभीर आरोप, कर्मचारी और नगर परिषद अध्यक्ष की भूमिका की भी जांच की मांग
Betul News: बैतूल। शाहपुर नगर परिषद में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को दिए आवासीय पट्टे अब सवालों के घेरे में आ गए हैं। भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री अमित मेहतो ने पट्टा वितरण प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की है।
उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद न तो मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और न ही सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे पूरा मामला और भी ज्यादा संदिग्ध नजर आ रहा है।
मेहतो के अनुसार वर्ष 2016 में ग्राम पंचायत शाहपुर स्तर पर पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे देने के लिए सूची तैयार की गई थी, लेकिन उस समय पट्टे जारी नहीं किए गए। आरोप है कि नगर परिषद बनने के बाद इसी प्रक्रिया में कथित तौर पर अपात्र लोगों को लाभ पहुंचाया।
वर्तमान में वर्ष 2025-26 में अचानक वर्ष 2016 के नाम से जारी बताए जा रहे पुराने पट्टे सामने आने से पूरे मामले पर संदेह गहरा गया है। एक ही क्षेत्र में करीब 12-13 पुराने पट्टे सामने आने की बात भी शिकायत में कही गई है, जबकि संबंधित भूमि लंबे समय से खाली होने का दावा किया है।
एक पट्टा निरस्त, कुछ दिन बाद पत्नी के नाम दूसरा पट्टा
शिकायत में बताया है कि 19 सितंबर 2016 को राजेंद्र गढ़वाल के नाम जारी पट्टे का भी उल्लेख है, जिसे जांच में फर्जी अथवा नियम विरुद्ध पाए जाने के बाद वर्ष 2017 में निरस्त किए जाने की बात कही है। शिकायतकर्ता का सवाल है कि इसके कुछ ही दिनों बाद 27 सितंबर 2016 को उनकी पत्नी वर्षा गढ़वाल के नाम पट्टा कैसे जारी हुआ?
पट्टा जांच के दौरान पटवारी द्वारा एसडीएम को दिए लिखित बयान में सूची पर हस्ताक्षर करने से पहले आपत्ति, मौके की स्थिति और पट्टे में दर्शाई गई भूमि के बीच अंतर तथा प्रक्रिया को लेकर असहजता का उल्लेख होने का दावा किया है।
दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी और अध्यक्ष पर भी आरोप
शिकायत में नगर परिषद के कर्मचारी सुनील साहू पर स्वयं, पत्नी और रिश्तेदारों के नाम पट्टे बनवाने के आरोप लगाए हैं। वहीं नगर परिषद अध्यक्ष रोहित नायक पर भी संबंधित लोगों को कथित तौर पर नियम विरुद्ध लाभ पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह हित-संघर्ष और पद के प्रभाव के दुरुपयोग का गंभीर मामला होगा।
भाजपा नेता अमित मेहतो ने मांग की है कि केवल चुनिंदा पट्टों की जांच के बजाय वर्ष 2016 से वर्तमान तक ग्राम पंचायत और नगर परिषद द्वारा जारी सभी आवासीय पट्टों की मूल पंजिका, आवेदन, पंचनामा, स्थल निरीक्षण रिपोर्ट, प्रस्ताव-कार्यवाही रजिस्टर और रिकॉर्ड हस्तांतरण संबंधी दस्तावेजों की जांच कराई जाए। तत्कालीन सरपंच के हस्ताक्षरों का अन्य मूल शासकीय दस्तावेजों से मिलान कर विशेषज्ञ परीक्षण कराने की मांग भी की गई है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




