Betul Samachar: सीएमराइज स्कूल में बैगों की तलाशी में 50 मोबाइल, सिगरेट-लाइटर और टॉय गन बरामद

रूटीन निरीक्षण में खुली छात्रों की लापरवाही, पालकों को बुलाकर लिया शपथ पत्र
Betul Samachar: बैतूल। जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत जिले के भीमपुर स्थित सीएमराइज स्कूल में रूटीन निरीक्षण के दौरान छात्रों के बैगों की तलाशी में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। स्कूल प्रबंधन द्वारा 22 जुलाई को कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के बैगों की जांच की गई, जिसमें करीब 50 छात्रों के पास मोबाइल फोन, कई विद्यार्थियों के बैग से सिगरेट के पैकेट और लाइटर, जबकि एक छात्र के बैग से पिस्टल जैसी दिखने वाली टॉय गन मिलने से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी।
स्कूल प्रशासन के अनुसार यह निरीक्षण नियमित प्रक्रिया का हिस्सा था। प्रारंभिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के बैगों में कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली, लेकिन बड़ी कक्षाओं के छात्रों के बैगों की जांच में प्रतिबंधित सामान मिलने से शिक्षक भी हैरान रह गए। स्कूल परिसर में मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित होने के बावजूद बड़ी संख्या में छात्रों के पास मोबाइल मिलने पर उन्हें जब्त कर लिया गया।
निरीक्षण के दौरान सबसे अधिक चिंता उस समय बढ़ गई जब एक छात्र के बैग से असली रिवॉल्वर जैसी दिखने वाली वस्तु बरामद हुई। पहली नजर में इसे हथियार समझकर स्कूल प्रबंधन के होश उड़ गए। छात्र ने पूछताछ में बताया कि वह टॉय गन है और गलती से बैग में रह गई थी। इसके बावजूद किसी भी तरह की आशंका से बचने के लिए पुलिस को बुलाकर जांच कराई गई। पुलिस ने जांच के बाद पुष्टि की कि बरामद वस्तु टॉय गन थी, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
पालकों को बताई उनके बच्चों की करतूत, प्रबन्धन ने लिए शपथ पत्र
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने अगले ही दिन संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को स्कूल बुलाया। उन्हें बच्चों के बैग से मिली सामग्री की जानकारी दी गई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई। अभिभावकों से लिखित शपथ पत्र भी लिया गया कि वे बच्चों पर निगरानी रखेंगे और उन्हें स्कूल के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि विद्यार्थियों में अनुशासन बनाए रखने और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर इस तरह के निरीक्षण किए जाते रहेंगे। वहीं शिक्षा जगत में इस घटना ने अभिभावकों की जिम्मेदारी और बच्चों की गतिविधियों पर नियमित निगरानी की आवश्यकता को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। स्कूल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वाले छात्रों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना…..
रूटीन तलाशी के दौरान बच्चों के बैग से आधा सैकड़ा मोबाइल फोन, सिगरेट के पैकेट, लाइटर और टॉय गन मिली है। उच्च अधिकारियों को सूचना देने के बाद पालकों को बुलाकर शपथ पत्र लिए गए हैं। ताकी दोबारा इस तरह की गतिविधि सामने ना आ पाए।
मंगलावती काजले, प्रभारी, सीएमराइज स्कूल भीमपुर
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




