Betul Ki Khabar: बडोरा में फिर महाजाम, घंटों थमे वाहनों के पहिए

ब्रिज से कांतिशिवा फ्लोर मिल तक लगी वाहनों की लंबी कतार, ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल
Betul Ki Khabar: बैतूल। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्ग बडोरा में एक बार फिर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। मंगलवार को बडोरा ब्रिज से लेकर कांतिशिवा फ्लोर मिल तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते जाम इतना बढ़ गया कि यात्री बसों, ट्रकों, कारों और छोटे वाहनों के पहिए घंटों थमे रहे। जाम में फंसे वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि इस सड़क पर जाम की समस्या आजकल की नहीं बल्कि वर्षों पुरानी है, लेकिन विडंबना है कि आज तक जिला प्रशासन इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल पाया है।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि जाम खुलवाने और यातायात को व्यवस्थित करने के लिए मौके पर एक भी ट्रैफिक कर्मी नजर नहीं आया। ऐसे में वाहन चालकों और परिचालकों को ही मोर्चा संभालना पड़ा। वाहन आगे निकालने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। संकरी होती सड़क और दोनों ओर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण स्थिति और बिगड़ती चली गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बडोरा क्षेत्र में कुछ समय पहले तत्कालीन कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा जाम की समस्या निपटाने के लिए यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाई गई थी। सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटवाए गए थे और मार्ग को सुचारू बनाने की व्यवस्था की गई थी। उस समय यातायात में काफी सुधार नजर आया था, लेकिन अब धीरे-धीरे दोबारा अतिक्रमण और सड़क किनारे अव्यवस्थित गतिविधियां फिर शुरू हो गई हैं।
रास्ता बदलने पर मजबूर हो रहे वाहन चालक
जाम की परेशानी के अलावा यहां सड़क के किनारे खड़े बड़े वाहन भी यातायात में बड़ी बाधा बन रहे हैं। भारी वाहनों के खड़े रहने से सड़क का उपयोगी हिस्सा कम हो जाता है और जैसे ही वाहनों का दबाव बढ़ता है, जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। हालात यह हैं कि आये दिन जाम की स्थिति होने से अब वाहन चालक इस रास्ते से निकलने में भी कतरा रहे हैं। हाइवे पर पहुंचने के लिए लोग सोनाघाटी होते हुए भारत भारती से सीधे हाइवे पकड़ने पर मजबूर हैं।
बडोरा शहर का महत्वपूर्ण प्रवेश मार्ग होने के कारण यहां दिनभर भारी यातायात रहता है। ऐसे में अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ बडोरा क्षेत्र में नियमित ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




