Dengue Arrives in Betul: बैतूल में डेंगू की दस्तक: मलेरिया भी पसार रहा पैर

7 डेंगू, 3 मलेरिया के मरीज मिलने से हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग ने 1.17 लाख स्लाइड बनाई
Dengue Arrives in Betul: बैतूल। जिले में डेंगू और मलेरिया के मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। लगातार हो रही बारिश और जगह-जगह जलभराव के बीच मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी तेज कर दी है और प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे, जांच तथा बचाव संबंधी गतिविधियां बढ़ा दी हैं।
जिला मलेरिया विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जनवरी से अब तक जिलेभर में 1 लाख 17 हजार से अधिक स्लाइड बनाकर मलेरिया और डेंगू की जांच की गई है। जांच रिपोर्ट में अब तक डेंगू के कुल 7 मरीज सामने आए हैं। इनमें शाहपुर में 2, घोड़ाडोंगरी में 2, आमला में 2 और भैंसदेही में 1 मरीज की पुष्टि हुई है। मरीजों के मिलने के बाद संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं और आसपास के लोगों की भी जांच की जा रही है।
मलेरिया के तीन मरीज भी मिले
डेंगू के साथ-साथ जिले में मलेरिया के तीन मरीज भी सामने आए हैं। हालांकि स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि ये सभी मरीज जिले के बाहर से आए हुए हैं और फिलहाल स्थानीय स्तर पर मलेरिया के संक्रमण का कोई बड़ा प्रसार सामने नहीं आया है। इसके बावजूद विभाग किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रहा है। संभावित प्रभावित क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है और बुखार से पीड़ित लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
मच्छरों पर रोक के लिए शुरू किए विशेष अभियान
मच्छरजनित बीमारियों पर नियंत्रण पाने के लिए जिला मलेरिया विभाग ने कई स्तरों पर अभियान शुरू किए हैं। गांवों और शहरों में जहां-जहां पानी जमा होने की संभावना है, वहां नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। लोगों को घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, कूलर और पानी के बर्तनों को नियमित रूप से खाली करने तथा पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी जा रही है।
तालाबों में छोड़ी जा रही हैं गंबूशिया मछलियां
डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए विभाग ने तालाबों और अन्य जलाशयों में गंबूशिया मछलियां छोड़ने का अभियान भी शुरू किया है। यह विशेष प्रकार की मछली मच्छरों के लार्वा को खाकर उनकी संख्या कम करने में मदद करती है। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि प्राकृतिक तरीके से मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण पाने के लिए यह उपाय काफी प्रभावी साबित होता है। जिन क्षेत्रों में लंबे समय तक पानी भरा रहता है, वहां इन मछलियों को प्राथमिकता के आधार पर छोड़ा जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, शरीर में दर्द, सिरदर्द, उल्टी, कमजोरी या प्लेटलेट्स कम होने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। साथ ही पूरी बाजू के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का उपयोग करें और घर के आसपास पानी जमा न होने दें। विभाग का कहना है कि समय पर जांच और उपचार से डेंगू एवं मलेरिया जैसी बीमारियों पर आसानी से नियंत्रण पाया जा सकता है।
इनका कहना……
जनवरी से अभी तक डेंगू के 7 और मलेरिया के 3 मरीज मिले है। जांच और रोकथाम को लेकर अभियान जारी है।
जितेंद्र सिंह राजपूत, जिला मलेरिया अधिकारी बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




