Betul Ki Khabar: भूमिपूजन के चार दिन बाद भी लल्ली चौक पर सन्नाटा, सौंदर्यीकरण का इंतजार

10 लाख की परियोजना पर आम नागरिकों में दिख रही उत्सुकता
Betul Ki Khabar: बैतूल। कोठीबाजार स्थित शहर के सबसे व्यस्त लल्ली चौक के सौंदर्यीकरण को लेकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। करीब 10 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना का चार दिन पहले नगर पालिका अध्यक्ष, सीएमओ और अधिकारियों की मौजूदगी में विधिवत भूमिपूजन किया गया था।
कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी प्रमुखता से साझा की गईं, लेकिन भूमिपूजन के बाद से अब तक मौके पर काम शुरू होने के कोई संकेत दिखाई नहीं दे रहे हैं। चौराहे के सौंदर्यीकरण का काम किसी राहुल शर्मा को ठेके पर दिया गया है। वहीं नसम नागरिकों समेत व्यापारियों में भी इस बात की उत्सुकता है कि चौराहे के सौंदर्यीकरण करण जल्द से जल्द होना चाहिए।
ना मजदूर पहुंचे ना निर्माण सामग्री नजर आ रही
लल्ली चौक के व्यापारियों का कहना है कि भूमिपूजन के समय उन्हें उम्मीद थी कि अगले ही दिन से निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा, लेकिन चार दिन बीत जाने के बावजूद न तो मजदूर पहुंचे, न निर्माण सामग्री आई और न ही किसी तरह की गतिविधि नजर आई। इससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों में निराशा बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में कई विकास कार्यों की रफ्तार पहले से ही बेहद धीमी है। परशुराम चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य महीनों बाद भी अधूरा पड़ा है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गंज तांगा चौक से एचडीएफसी बैंक चौराहे तक सड़क निर्माण भी धीमी गति से चल रहा है। ऐसे में लल्ली चौक की परियोजना को लेकर भी लोगों में आशंका बढ़ गई है कि कहीं यह भी लंबे समय तक अधूरी न रह जाए।
प्रचार प्रसार से नहीं,बल्कि धरातल पर दिखना चाहिए काम
नागरिकों का कहना है कि विकास कार्यों में केवल भूमिपूजन और प्रचार-प्रसार से काम नहीं चलेगा, बल्कि समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा होना चाहिए। उनका आरोप है कि शहर में कई परियोजनाओं की गति जनप्रतिनिधियों या अधिकारियों से अधिक ठेकेदारों की इच्छा पर निर्भर दिखाई देती है।
अब लोगों की निगाहें नगर पालिका प्रशासन पर टिकी हैं। देखना होगा कि अधिकारी इस महत्वाकांक्षी सौंदर्यीकरण परियोजना का निर्माण कार्य कब शुरू कराते हैं और शहर के सबसे महत्वपूर्ण चौराहों में शामिल लल्ली चौक को नई पहचान दिलाने का वादा कब धरातल पर उतरता है।
इनका कहना…
भूमिपूजन के बाद ही ठेकेदार को काम शुरू किए जाने के लिए निर्देशित कर दिया गया है। कल सोमवार से काम शुरू हो जाएगा।
नगेन्द्र वागद्रे, इंजीनियर नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




