Betul Ki Khabar: नगर निगम की तरफ तेजी से बढ़ रहे कदम, वार्डों की संख्या 33 की जगह होगी 60 से 65  

बदलेगा भूगोल तो निगम में पार्षदों की भी बढ़ेगी संख्या, विकास को मिलेगी रफ्तार

Betul Ki Khabar: बैतूल। बैतूल शहर को नगर निगम बनाने की दिशा में प्रशासनिक तैयारियां तेज़ हो गई हैं। बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल की पहल के बाद नगर पालिका परिषद और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से प्रस्ताव तैयार करने में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि पूरी प्रक्रिया का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार हुआ तो बैतूल नगर पालिका का विस्तार करते हुए आसपास की 29 ग्राम पंचायतों के साथ ही शहर की भौगोलिक सीमा और वार्डों की संख्या में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

29 ग्राम पंचायतें होंगी शामिल, बढ़ेगा शहर का दायरा

नगर निगम गठन के प्रस्ताव के तहत जिला मुख्यालय से लगी 29 ग्राम पंचायतों को नगर निगम सीमा में शामिल करने की तैयारी लगभग पूर्ण होने को है। इसके लिए ग्राम सभाओं से प्रस्ताव लेने की जिम्मेदारी एसडीएम अभिजीत सिंह एवं जनपद पंचायत बैतूल को सौंपी गई है, जबकि नगर पालिका के सीएमओ नवनीत पांडेय और उनकी टीम शहर के संसाधनों, सरकारी परिसंपत्तियों और अन्य आवश्यक जानकारियों का संकलन कर रही है। कलेक्टर सौरभ संजय सोनवणे के मार्गदर्शन में पूरी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिन प्रक्रियाओं को पूर्ण करने में 6 माह लग जाते हंै, उन्हें महज 2 माह के भीतर ही पूर्ण किया गया है।

33 वार्डों की जगह बन सकते हैं 60 से 65 वार्ड

 सीएमओ नवनीत पांडेय के मुताबिक नगर निगम गठन के बाद वार्डों का परिसीमन किया जाएगा। वर्तमान में नगर पालिका क्षेत्र में 33 वार्ड हैं, लेकिन नगर निगम बनने पर वार्डों की संख्या बढ़कर 60 से 65 तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार नई सीमा के अनुरूप नगरीय प्रशासन विभाग की टीम सर्वे करेगी, इसके बाद अंतिम परिसीमन किया जाएगा। नए वार्ड बनने से पार्षदों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। जितने वार्ड होंगे उतने ही पार्षद निगम में अपने अपने वार्डो का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विकास कार्यों को मिलेगा नया आयाम

नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद बैतूल को शासन से अधिक वित्तीय सहायता मिलने की उम्मीद है। इससे सड़क, पेयजल, सीवरेज, सफाई, स्ट्रीट लाइट, उद्यान और अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी। नगर निगम बनने से न केवल शहर का क्षेत्रफल बढ़ेगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी शहरी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। अब प्रशासनिक प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के बाद अंतिम निर्णय पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

इनका कहना….

निश्चित रूप से निगम निगम बनने से वार्डों की संख्या बढ़ेगी, संभवत: वार्डों की संख्या 60 से 65 तक पहुंच सकती है। परिसीमन के पूर्व नगरीय प्रशासन विभाग की टीम भी इसका सर्वे करेगी।

नवनीत पांडेय, सीएमओ नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button