Smart Meter: स्मार्ट मीटर का सिस्टम बेपटरी, न बिल का मैसेज न कटौती की सूचना

उपभोक्ता परेशान, नहीं हो रहा समस्या का समाधान

Smart Meter: बैतूल। शहर में बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विद्युत वितरण कंपनी द्वारा तेजी से घर-घर स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। मीटर लगाने के दौरान उपभोक्ताओं को बताया गया था कि नए स्मार्ट मीटर से बिजली खपत की जानकारी, बिल की राशि, भुगतान की अंतिम तिथि और बिजली कटौती से संबंधित सूचनाएं समय-समय पर एसएमएस के माध्यम से मिलेंगी। हालांकि, स्मार्ट मीटर लगने के बाद इन दावों की हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है।

शहर के कई उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके मोबाइल पर बिजली बिल, यूनिट खपत और बिजली कटौती से जुड़े संदेश आना बंद हो गए हैं। इससे लोगों को समय पर बिल की जानकारी नहीं मिल पा रही है। कई बार अंतिम तिथि निकल जाने के बाद ही उपभोक्ताओं को बिल का पता चलता है, जिससे विलंब शुल्क का भी सामना करना पड़ सकता है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर की सबसे बड़ी विशेषता रियल टाइम जानकारी उपलब्ध कराना बताई गई थी, लेकिन वर्तमान में न तो बिजली की खपत का नियमित अपडेट मिल रहा है और न ही बिजली बंद होने या निर्धारित कटौती की सूचना मोबाइल पर पहुंच रही है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

अधिक बिजली बिल आने की समस्या

इधर, स्मार्ट मीटर लगने के बाद अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें भी लगातार बढ़ रही हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में उपभोक्ता विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय पहुंचकर अपने बिलों की जांच कराने और सुधार की मांग कर रहे हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले की तुलना में बिल अधिक आ रहे हैं, जबकि बिजली की खपत में कोई विशेष वृद्धि नहीं हुई है।

ऐसे मामलों की जांच कराने के लिए लोगों को कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि स्मार्ट मीटर की सभी सुविधाएं सही तरीके से उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं तो इसका उद्देश्य अधूरा रह जाता है।

लोगों ने मांग की है कि कंपनी एसएमएस सेवा को जल्द सुचारु करे, ताकि बिजली बिल, यूनिट खपत, भुगतान की अंतिम तिथि और बिजली कटौती जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां समय पर मिल सकें। साथ ही अधिक बिल आने की शिकायतों का भी पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए, जिससे उपभोक्ताओं का स्मार्ट मीटर प्रणाली पर विश्वास कायम रह सके।

इनका कहना….

स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को जरूरी सूचना मिलती है। जिसमें बिजली बिल से लेकर बिजली कटौती तक शामिल है। किसी उपभोक्ता को एसएमएस नहीं मिल रहे हैं तो उपभोक्ता बिजली कार्यालय पहुंचकर समस्या का समाधान पा सकते हैं।

कमलेश खोबरागढ़े, जेई, बिजली कंपनी टाउन-2

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button