Betul Samachar: ट्रेचिंग ग्राउंड में लापरवाही पर सीएमओ सख्त
Betul News: CMO strict on negligence in trenching ground, notice to both sanitation inspectors

दोनों स्वच्छता निरीक्षकों को थमाया नोटिस, संतोषजनक जवाब न देने पर होगी निलंबन की कार्यवाही
Betul Samachar: बैतूल। शहर के ट्रेचिंग ग्राउंड में फैले कचरे को लेकर नगर पालिकामें हड़कंप मच गया है। सीएमओ ने रविवार को मौके पर जांच के दौरान लापरवाही सामने आने पर दोनों स्वच्छता निरीक्षकों सन्तोष धनेलिया और राजेश सोनी को नोटिस जारी किया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो दोनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने बताया कि ट्रेचिंग ग्राउंड में कचरे के वैज्ञानिक निष्पादन की जिम्मेदारी दोनों स्वच्छता निरीक्षकों की थी। उन्हें यह सुनिश्चित करना था कि जो फ्रेश कचरा आ रहा है, उसका वैज्ञानिक पद्धति से उचित निष्पादन कराया जाए, लेकिन जांच में पाया गया कि निरीक्षकों की लापरवाही से नया कचरा भी पुराने, पहले से निष्पादित कचरे में मिला दिया गया।
इससे पूरे ट्रेचिंग ग्राउंड की व्यवस्था प्रभावित हुई है और कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया पर सवाल उठ खड़े हो गए हैं। सीएमओ सतीश मतसेनिया ने बताया कि नगर निगम प्रशासन साफ-सफाई और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर पूरी तरह गंभीर है। शहर को स्वच्छ रखने और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए तय मानकों का पालन करना सभी संबंधित कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, ट्रेचिंग ग्राउंड पर पिछले कई दिनों से मशीनों द्वारा कचरे के निष्पादन की प्रक्रिया चल रही थी। बावजूद इसके, निरीक्षण में पाया गया कि नए लाए गए कचरे को अलग से संसाधित करने के बजाय उसे पहले से प्रोसेस किए गए कचरे में मिला दिया गया था। इस पर सीएमओ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों स्वच्छता निरीक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है। सूत्रों का कहना है कि यदि दोनों अधिकारियों का जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो सीएमओ सीधे निलंबन की कार्रवाई के लियेब्रजय शासन को प्रस्ताव भेज सकते है।




