Betul Samachar: सांसद की पोस्ट पर फूटा युवाओं का गुस्सा

धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन पर सोशल मीडिया में घिरे
Betul Samachar: बैतूल। केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बैतूल के सांसद औऱ केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके द्वारा सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में की गई पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सांसद ने अपनी फेसबुक पोस्ट में धर्मेंद्र प्रधान को दूरदर्शी, राष्ट्रहित और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित नेता बताते हुए उनके सार्वजनिक जीवन की सराहना की। इसके बाद पोस्ट पर बड़ी संख्या में युवाओं ने नाराजगी जताते हुए तीखी प्रतिक्रियाएं दर्ज कराईं।
दरअसल, हाल ही में शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और छात्रों के विभिन्न मुद्दों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देशभर में छात्र आंदोलन हुए थे। बैतूल के कई युवा भी इन आंदोलनों में शामिल हुए थे। जिले में भी विभिन्न छात्र संगठनों ने धरना, प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से विरोध दर्ज कराया था। ऐसे माहौल में सांसद की समर्थन वाली पोस्ट पर युवाओं की प्रतिक्रिया चर्चा का विषय बन गई।
सोशल मीडिया पर कई तरह के कमेंट्स
फेसबुक पर युवाओ ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि, सांसद जी, ऐसे नाकारा शिक्षा मंत्री का पक्ष लेना आपसे अपेक्षित नहीं था। कहीं बैतूल का युवा भी आपसे नाराज न हो जाए। दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर बैतूल तक युवा सड़कों पर विरोध कर रहे थे। आपका यह समर्थन आपको, प्रदेश नेतृत्व और पार्टी को राजनीतिक नुकसान पहुंचा सकता है।
शिक्षा मंत्री पर निकाला गुबार
युवाओं ने अपनी प्रतिक्रिया में लिखा कि, भारतीय इतिहास का सबसे नाकारा शिक्षा मंत्री, जिसके खिलाफ छात्रों को आंदोलन करना पड़ा, लेकिन वह लंबे समय तक पद पर बना रहा। इसी तरह अन्य कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने भी सांसद की पोस्ट पर असहमति जताते हुए शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और छात्र आंदोलनों का उल्लेख किया। हालांकि पोस्ट पर धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन में भी कुछ लोगों ने सकारात्मक टिप्पणियां कीं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सोशल मीडिया अब जनमत व्यक्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। हालांकि किसी पोस्ट पर आए कमेंट्स को पूरे जिले या सभी युवाओं की राय नहीं माना जा सकता, लेकिन वे स्थानीय स्तर पर मौजूद असंतोष या समर्थन की एक झलक अवश्य प्रस्तुत करते हैं।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




