Betul Ki Khabar: बैग से निकली शराब की बोतल, छात्रों ने खोली गुरुजी की पोल

नशे में स्कूल आने के आरोप, जांच के आदेश
Betul Ki Khabar: बैतूल। जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित खपरिया मिडिल स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक अनिल कुदारे पर शराब के नशे में स्कूल आने का गंभीर आरोप लगा है। हैरानी की बात यह रही कि शिक्षक की कथित शराबखोरी का खुलासा किसी अधिकारी ने नहीं, बल्कि स्वयं छात्रों ने किया। छात्रों ने शिक्षक के बैग से शराब की बोतल निकालकर ग्रामीणों और अभिभावकों को दिखाई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
अभिभावकों का आरोप है कि संबंधित शिक्षक लंबे समय से रोजाना शराब के नशे में स्कूल पहुंचते हैं। इतना ही नहीं, नशा कम न हो इसलिए वे अपने बैग में भी शराब की बोतल साथ लेकर आते हैं। उनका कहना है कि नशे की हालत में शिक्षक बच्चों को ठीक से पढ़ा नहीं पाते, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है। कई बार शिक्षक की हालत ऐसी रहती है कि वे कक्षा संचालन तक नहीं कर पाते।
घटना सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि जिस शिक्षक पर बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है, वही यदि नशे की हालत में स्कूल पहुंचेगा तो शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित शिक्षक को तत्काल स्कूल से हटाकर उनकी जगह जिम्मेदार शिक्षक की नियुक्ति की जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
कलेक्टर का सख्त रुख, बोले-करेंगे कार्यवाही
मामले की जानकारी जिला प्रशासन तक पहुंचने के बाद कलेक्टर सौरभ संजय सोनवणे ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि यदि जांच में यह प्रमाणित होता है कि शिक्षक शराब के नशे में अपने शासकीय कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे, तो नियमानुसार उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना ने सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली और बच्चों की शिक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com



