White Topping: 7 करोड़ की व्हाइट टॉपिंग बनी आफत: अधूरी सड़क, उड़ती धूल और हर पल हादसे का खतरा

लिंक रोड पर 15 दिनों से खुदी पड़ी सड़क,लोगों के लिए बन रही जान लेवा
White Topping: बैतूल। विकास के नाम पर बनाई जा रही सुविधाएं यदि लोगों के लिए मुसीबत बन जाएं तो सवाल उठना स्वाभाविक है। बैतूल के कारगिल चौक से गाढ़ाघाट होते हुए भोपाल रोड तक करीब 7 करोड़ की लागत से बन रही व्हाइट टॉपिंग सड़क इन दिनों स्थानीय रहवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।
सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार और ठेकेदार की कथित लापरवाही के कारण लिंक रोड पर हर दिन धूल, जाम और हादसे का खतरा बना हुआ है। इसी सड़क पर कई बड़े अस्प्ताल भी सन्चालित हो रहे हैं। उड़ती धूल भर्ती मरीजों के लिए कब जानलेवा बन जाये इसका कोई भरोसा नहीं है। इसके ठीक विपरीत मौन अधिकारी तमाशा देख रहे हैं।
15 दिनों से खुदी पड़ी सड़क, बच्चे और बुजुर्ग टारगेट पर
स्थानीय नागरिकों के अनुसार ठेकेदार कपिल शर्मा ने बच्चा जेल क्षेत्र से सड़क को करीब 15 दिन पहले खोद दिया था, लेकिन उसके बाद निर्माण कार्य लगभग ठप पड़ा है। सड़क उखड़ी होने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। रहवासियों का कहना है कि यह क्षेत्र पूरी तरह आबादी वाला है, जहां स्कूल, अस्पताल और कई महत्वपूर्ण संस्थान संचालित हैं।
पूरे दिन सड़क पर यातायात का दबाव रहता है। खुदी हुई सड़क से लगातार उड़ रही धूल लोगों के घरों तक पहुंच रही है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सांस संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान क्यों नहीं दे रहा यह समझना भी जरूरी है।
बिजली पोल, ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग भी पड़ी ठंडे बस्ते में
नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण के साथ ही लगभग 90 बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्ट किए जाने थे, लेकिन अब तक यह कार्य भी शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में निर्माण कार्य लगातार प्रभावित हो रहा है। लोगों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की उदासीनता के कारण ठेकेदार मनमानी कर रहा है और समयसीमा का पालन नहीं किया जा रहा।
स्थानीय रहवासियों ने मांग की है कि पीडब्ल्यूडी विभाग तत्काल निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करे और ठेकेदार को तेजी से सड़क निर्माण पूरा करने के निर्देश दे। साथ ही बिजली के पोल और ट्रांसफार्मरों के शिफ्टिंग कार्य में भी तेजी लाई जाए, ताकि लोगों को धूल, अव्यवस्था और दुर्घटनाओं के खतरे से जल्द राहत मिल सके। विकास कार्य तभी सार्थक होंगे, जब वे आम जनता की सुविधा और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित करें।
इनका कहना….
अभी मैं विधायक के साथ बैठक में हूं, बैठक के बाद में जानकारी दे पाऊंगा।
मनीष कुमार मरकाम, ईई पीडब्ल्यूडी बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




