Betul News: प्रतिबंध के बावजूद शहर में भारी वाहनों की एंट्री, आदेशों की उड़ रहीं धज्जियां

यातायात व्यवस्था चरमराई, कार्रवाई के अभाव में बढ़ रही समस्या
Betul News: बैतूल। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन और यातायात पुलिस द्वारा भारी वाहनों के प्रवेश पर समयबद्ध प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन जमीनी स्तर पर इन आदेशों का पालन होता नजर नहीं आ रहा है। प्रतिबंध के बावजूद दिनभर शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा अन्य भारी वाहनों की आवाजाही जारी है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार यातायात पुलिस ने अप्रैल माह में आदेश जारी कर सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक शहर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई थी। इस संबंध में शहरी सीमा के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं।
बावजूद इसके, नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है और भारी वाहन निर्धारित समय में भी शहर के भीतर प्रवेश कर रहे हैं। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र गंज में स्थिति अधिक गंभीर बताई जा रही है। यहां अक्सर बड़े ट्रक और लोडिंग वाहन सड़क किनारे खड़े दिखाई देते हैं।
कई बार दुकानों में माल उतारने के लिए वाहन बीच सड़क पर खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय व्यापारियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों का कहना है कि व्यस्त समय में भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उठा कई बार मुद्दा
नागरिकों का कहना है कि यातायात पुलिस द्वारा समय-समय पर व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए जाते हैं, लेकिन प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों की आवाजाही रोकने में अपेक्षित सफलता नहीं मिल पा रही है। शहर के प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में वाहनों का दबाव पहले से ही अधिक रहता है, ऐसे में बड़े वाहनों के प्रवेश से स्थिति और बिगड़ जाती है।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में भी इस मुद्दे को कई बार उठाया जा चुका है। समिति के सदस्यों ने शहर के भीतर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर चिंता व्यक्त करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान सामने नहीं आ पाया है। लोगों का आरोप है कि नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है।
पुलिस कर्मियों पर नेता व्यापारियों का दबाव
सूत्रों के अनुसार जब यातायात पुलिस द्वारा चालानी कार्रवाई की जाती है तो कई बार प्रभावशाली लोगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की ओर से दबाव बनाया जाता है। इससे कार्रवाई प्रभावित होती है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के हौसले बढ़ते हैं। हालांकि इस संबंध में पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
शहरवासियों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों की एंट्री पर प्रभावी निगरानी रखी जाए, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा बाजार क्षेत्रों में माल उतारने के लिए निर्धारित समय और स्थान तय किए जाएं। नागरिकों का मानना है कि यदि आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाए तो शहर की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार हो सकता है और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। इस मामले यातायात प्रभारी गजेंद्र केेन से संपर्क किया पर उनसे संपर्क नहीं किया।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




