खतरनाक हो चुके बरेठा घाट का 550 करोड़ से होगा कायाकल्प

बैतूल से खंडवा और परतवाड़ा सड़क परियोजनाओं की भी बड़ी सौगात

बैतूल। बैतूल भोपाल हाइवे के बीच में पड़ने वाले खतरनाक बरेठा घाट का जल्द कायाकल्प होने का रास्ता साफ हो चुका है। हाल ही में राजधानी भोपाल प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आगामी सड़क परियोजनाओं की सूची में जिले को यह सौगात प्रदान की है। परियोजना में बरेठा घाट को फोरलेन में तब्दील करने के लिए 550 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस राशि से बरेठा घाट के 20 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन में बदला जाएगा।

इसके बाद इस सड़क पर चलने वाले वाहन चालक बिना किसी डर और ख़ौफ के आसानी से आना-जाना कर सकेंगे। इसके अलावा केन्द्रीय मंत्री गड़करी ने बैतूल-खंडवा सेक्शन के बीच (एनएच-347बी) की 90 किलोमीटर सड़क को टू-लेन सड़क तथा बैतूल-खंडवा पैकेज 4 के अंतर्गत 33 किलोमीटर लंबी परियोजना को भी हरी झंडी दी है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक एनएचएआई के अंतर्गत प्रस्तावित परियोजनाओं में बैतूल-खंडवा सेक्शन (एनएच-347बी) बैतूल से मोहदा 90 किमी और मोहदा से बाराकुंड तक 2-लेन प्लस पावर्ड सेक्शन का निर्माण किया जाएगा, जिसकी लागत 1 हजार 200 करोड़ रुपए होगी। इसी तरह बरेठा घाट एनएच-46 इटारसी-बैतूल सेक्शन में टाइगर कॉरिडोर के इस 20 किमी हिस्से को 4-लेन में परिवर्तित किया जाएगा, जिसकी लागत 550 करोड़ रुपए है।

इसके अलावा बैतूल-खंडवा पैकेज-4 (एनएच-347बी) की 33 किमी लंबी परियोजना 381 करोड़ रुपए में पूरी होगी। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत बैतूल-परतवाड़ा एनएच-548सी 62.16 किमी सड़क के लिए भी 580 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद समूचा बैतूल जिले सीधे उत्कृष्ट सड़कों के जरिए महानगरों सहित अन्य सड़कों से सीधा जुड़ जाएगा।

बरेठा घाट का मामला लंबे समय से लंबित

केन्द्रीय मंत्री गडकरी के ऐलान के बाद बरेठा घाट के कायाकल्प से हजारों वाहन चालकों को राहत मिल जाएगी। अब तक बैतूल से औबेदुल्लागंज तक बने करीब 20 किमी क्षेत्र बरेठा घाट से जुड़कर आता है। वन्य प्राणियों के लिए निर्माण कंपनी द्वारा कॉरिडोर नहीं बनाने से यह मामला न्यायालय में भी लंबित था। इस बीच केन्द्रीय मंत्री की घोषणा के बाद घाट के लिए मिलने वाली राशि से कायाकल्प हो जाएगा। बैतूल से भोपाल जाने वाले फोरलेन पर काम शुरु होने से लोगों को लगने वाले जाम से भी निजात मिल जाएगी।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button